“विदेशी निर्भरता सबसे बड़ा दुश्मन…” टैरिफ और एच-1बी वीजा वार के बीच पीएम मोदी का बड़ा संदेश

Neelam
By Neelam
4 Min Read

अमेरिका से साथ टैरिफ के बाद एच-1बी वीजा वार के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों को बडज़ा संदेश दिया है। पीएम मोदी ने देशवासियों को आत्मनिर्भरता होने के लिए प्रेरित किया है। अमेरिका की ओर से लिए जा रहे कुछ फैसलों के बीच पीएम मोदी ने गुजरात के भावनगर में एक कार्यक्रम के दौरान दो टूक कहा कि भारत का ‘असली दुश्मन’ दूसरे देशों पर निर्भरता है। उन्होंने राष्ट्रीय ताकत और वैश्विक सम्मान के लिए आत्मनिर्भर बनने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात के भावनगर पहुंचे। यहां पीएम मोदी ने ‘समुद्र से समृद्धि’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया और 34,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके बाद पीएम मोदी एक जनसभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने कहा, ये कार्यक्रम तो भावनगर में हो रहा है, लेकिन ये कार्यक्रम पूरे हिंदुस्तान का है।

दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता सबसे बड़ा दुश्मन-पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा, भारत आज विश्वबंधु की भावना से आगे बढ़ रहा है। दुनिया में हमारा कोई बड़ा दुश्मन नहीं है। सच्चे अर्थ में अगर हमारा कोई दुश्मन है तो वो है दूसरे देशों पर हमारी निर्भरता। यही हमारा सबसे बड़ा दुश्मन है और हमें मिलकर भारत के इस दुश्मन को हराना ही होगा। जितनी ज्यादा विदेशी निर्भरता, उतनी ज्यादा देश की विफलता। विश्व में शांति, स्थिरता और समृद्धि के लिए दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाले देश को आत्मनिर्भर बनना ही होगा।

100 दुखों की एक ही दवा है…पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा कि 140 करोड़ देशवासियों के भविष्य को हम दूसरों पर या उनकी निर्भरता पर नहीं छोड़ सकते। भावी पीढ़ी के भविष्य को दांव पर नहीं लगाया जा सकता है। 100 दुखों की एक ही दवा है और वह है आत्मनिर्भर भारत, इसलिए हमें चुनौतियों से टकराना होगा और भारत को आत्मनिर्भर बनकर दुनिया के सामने खड़ा होना होगा। 

कांग्रेस पर बोला हमला

पीएम मोदी यहीं नहीं रूके, उन्होंने इस बीच कांग्रेस को भी लपेटा। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत में सामर्थ्य की कोई कमी नहीं है, लेकिन आजादी के बाद कांग्रेस ने भारत के हर सामर्थ्य को नजरअंदाज किया, इसलिए आजादी के 6-7 दशकों बाद भी भारत वो सफलता हासिल नहीं कर पाया, जिसके हम हकदार थे।  इसके दो बड़े कारण रहे- लंबे समय तक कांग्रेस सरकार ने देश को लाइसेंस कोटा राज में उलझाए रखा। दुनिया के बाजार से अलग-थलग रखा। कांग्रेस सरकार की नीतियों ने देश के नौजवानों का बहुत नुकसान किया।

ट्रंप के फैसलों के बीच बड़ा संदेश

पीएम मोदी ने ये बात ऐसे समय में कही है जब अमेरिकी नीतियों का भारत पर असर पड़ रहा है। शुक्रवार को, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने H-1B वीजा आवेदनों पर 100,000 डॉलर का शुल्क लगाने का फैसला लिया। यह 21 सितंबर से लागू हो गया है। भारत में H-1B वीजा धारकों की संख्या 71 फीसदी है। ऐसे में भारत पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ने की उम्मीद है। इससे पहले अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 50 फीसदी का भारी टैरिफ लगाया है। कई राउंड की बातचीत के बाद भी इससे कोई राहत नहीं मिली है।

Share This Article