धनबाद में भव्य दुर्गा महोत्सव : लाखों घड़ों से सजेगा पंडाल, अनूठी शोभायात्रा से होगा मां का विसर्जन

KK Sagar
4 Min Read

धनबाद। सत्यम शिवम् सुंदरम दुर्गा पूजा कमिटी, झारखंड मैदान, हिरापुर की एक बैठक एवं प्रेस वार्ता झारखंड मैदान के निकट स्थित होटल प्रियांशि में आयोजित की गई। अध्यक्ष मनोज मालाकार और सचिव उमेश यादव के नेतृत्व में सशक्त कार्यकर्ताओं की टीम ने बताया कि झारखंड मैदान पूजा कमिटी का उद्देश्य इस वर्ष भी दुर्गा उत्सव को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करना है।


बंगाल के कारीगर बना रहे अनूठा पंडाल

प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि बंगाल के कारीगरों द्वारा लाखों घड़ों के इस्तेमाल से एक भव्य पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। मिट्टी के घड़ों से तैयार हो रहा यह पंडाल कई महीनों की मेहनत का परिणाम होगा। बंगाल के ये हस्तशिल्पी दिन-रात जुटकर नयनाभिराम कलाकृति को मूर्त रूप दे रहे हैं।


दर्शकों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम

कमिटी ने पंडाल परिसर में प्राथमिक चिकित्सा, पेयजल, शौचालय और सीसीटीवी कैमरों के जरिए सुरक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित की है।

वाहनों की पार्किंग : अभय सुंदरी स्कूल परिसर में निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

भोग वितरण : सप्तमी, अष्टमी और नवमी को भोग वितरण किया जाएगा। विशेष तौर पर नवमी के दिन भोग मोहल्लों में घर-घर जाकर बांटा जाएगा।


विद्युत सज्जा का अनूठा आकर्षण

बंगाल के चंदन नगर से आए कारीगरों की टीम, विद्युत संयोजक सोष्टी पाल के नेतृत्व में पंडाल की सुंदर और आकर्षक विद्युत सज्जा को अंतिम रूप देने में जुटी है।


अतिथियों का आगमन

षष्ठी तिथि की संध्या (7.30 बजे) : धनबाद विधायक राज सिन्हा द्वारा मूर्ति उद्घाटन किया जाएगा।

पंडाल उद्घाटन : अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार करेंगे।

मेला परिसर उद्घाटन : विकास रंजन (पप्पू सिंह) करेंगे।


पहली बार अनूठा विसर्जन शोभायात्रा

इस वर्ष मां दुर्गा की प्रतिमा के विसर्जन को सात्विक और अनूठा रूप देने के लिए विशेष पहल की गई है। दिनांक 4 अक्टूबर 2025 को सुबह 11 बजे धनबाद की जनता की भागीदारी के साथ एक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

दुर्गा वाहिनी : 20 स्कूटी पर 40 युवतियां बिकानेरी साफा पहनकर हाथों में ध्वजा लेकर शोभायात्रा की अगुवाई करेंगी।

संगीत और नृत्य :

रामगढ़ सुनामी बैंड अपनी टीम के साथ शामिल होगा।

बंगाल से आए कलाकार कृष्ण-राधा की झांकी सखियों और मोर की टोली संग आकर्षण का केंद्र रहेगी।

दिल्ली की प्रसिद्ध ढोल टीम और बंगाल की ढाक पार्टी अपनी विशेष धुन से वातावरण गुंजायमान करेंगी।

पारंपरिक प्रस्तुतियां :

लाल पाड़ की सफेद साड़ी में 30 महिलाएं हाथों में धुनुची लेकर नृत्य करेंगी।

6 महिलाएं शंख बजाती चलेंगी।

10 महिलाएं मां का चंवर और 10 महिलाएं मां का छत्र लेकर शोभायात्रा में शामिल होंगी।

श्रीराम सेना : बिकानेरी साफा बांधे युवाओं की टोली ध्वजा और तलवार लेकर शामिल होगी।

डमरू-झांझ की टीम को भी आमंत्रण भेजा गया है, उपलब्धता पर वे भी शामिल होंगी।


समिति का आभार व्यक्त

प्रेस वार्ता के अंत में समिति के प्रेस प्रभारी विकास साव ने सभी पत्रकारों और छायाकारों का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पंडाल की भव्यता, व्यवस्थाओं और विसर्जन की विशेष कल्पना को जनता तक पहुंचाने में मीडिया का योगदान महत्वपूर्ण है।

मौके पर मनोज मालाकार, उमेश यादव, सुबोध सिंह, राजेश कुमार गुप्ता, धीरेंद्र राय, संजय यादव, रतन सरकार, राजू मालाकार, लालटू सिंह, मुकेश लाला, कुणाल सिंह, राजेश मालाकार, बबलू ठाकुर, दिलीप शर्मा, विक्की प्रसाद समेत समिति के सभी सदस्य उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....