बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ता ही जा रहा है। आज बिहार की सियासत का सुपर शुक्रवार है। विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शाम 5 बजे पटना पहुंच रहे हैं। शाह शाम 5 बजे पटना स्थित बीजेपी ऑफिस में मीटिंग करेंगे। इसमें चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान भी शामिल होंगे। वहीं, दूसरी तरफ पटना के कांग्रेस दफ्तर में प्रियंका गांधी महिला संवाद करने वाली हैं। मोतिहारी में भी प्रियंका की जनसभा होनी है। दोनों नेताओं की मौजूदगी को लेकर पूरे राज्य में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कुमारबाग स्थित गवर्नमेंट इंजीनियरिंग कॉलेज के ऑडिटोरियम में सारण और चंपारण प्रमंडल के 10 जिलों के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले यह दौरा भाजपा की रणनीति को मजबूत करने वाला माना जा रहा है। इस बैठक में स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या मौजूद रहेगी।
आठ दिन के भीतर शाह का दूसरा दौरा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दो दिन के बिहार दौरे पर आ रहे हैं। शनिवार को उनका कार्यक्रम और भी व्यस्त रहेगा। वे समस्तीपुर के सरायरंजन और अररिया के फारबिसगंज में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। आठ दिन के भीतर शाह का यह दूसरा बिहार दौरा है, जो भाजपा की रणनीति की गंभीरता को साफ दर्शाता है।
प्रियंका गांधी महिलाओं से करेंगे संवाद
वहीं कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा भी शुक्रवार को बिहार दौरे पर हैं। वे दोपहर 12 बजे पटना के सदाकत आश्रम में लगभग 2000 महिलाओं के साथ संवाद करेंगी। इसमें घरेलू कामगार, मनरेगा मजदूर, जीविका दीदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा वर्कर, वकील और डॉक्टर जैसी विभिन्न वर्गों की महिलाएं शामिल होंगी।
पटना के बाद मोतिहारी में जनसभा
पटना में महिलाओं के साथ संवाद के बाद प्रियंका गांधी मोतिहारी जाएंगी। वहां गांधी मैदान में “हर घर अधिकार रैली” को संबोधित करेंगी। कांग्रेस ने दावा किया है कि इस रैली में 20 हजार से ज्यादा महिलाएं शामिल होंगी। कार्यक्रम के लिए तीन झूमर वाले विशाल पंडाल में 40 हजार से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। प्रियंका गांधी दोपहर 2 बजे हेलिकॉप्टर से मोतिहारी पुलिस लाइन पहुंचेंगी और वहां से बंद गाड़ी से सभा स्थल जाएंगी। उनके साथ मंच पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावरू और पार्टी के सांसद मौजूद रहेंगे।

