महान शास्त्रीय गायक पं. छन्नूलाल मिश्र का निधन, प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/लखनऊ : विख्यात शास्त्रीय गायक और पद्म विभूषण से सम्मानित पंडित छन्नूलाल मिश्र का गुरुवार को निधन हो गया। वह 89 वर्ष के थे। उन्होंने अपनी बेटी नम्रता मिश्रा के मीरजापुर स्थित आवास पर अंतिम सांस ली। परिवार ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार आज शाम काशी के मणिकर्णिका घाट पर किया जाएगा।

संगीत जगत के इस पुरोधा का राजनीति से भी गहरा नाता था। पंडित छन्नूलाल मिश्र 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावक रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पंडित मिश्र के परिवार में अब चार बेटियां और एक बेटा हैं। उनकी पत्नी और एक बेटी का चार वर्ष पहले निधन हो चुका है।

वह पिछले लगभग सात माह से अस्वस्थ चल रहे थे। 11 सितंबर को उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद मीरजापुर के रामकृष्ण सेवाश्रम हास्पिटल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल भी लाया गया था। तबीयत में सुधार होने पर 27 सितंबर को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी, जिसके बाद वह मीरजापुर में अपनी बेटी के घर लौट आए थे। पंडित छन्नूलाल मिश्र का निधन भारतीय शास्त्रीय संगीत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

Share This Article