बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार की अगुवाई वाली सरकार ने खजाना खोल रखा है। महिला, युवा और बुजुर्गों के बाद नीतीश कुमार की सरकार ने किसानों को साधा है। सरकार ने अब सूबे के हर प्रखंड में सब्जी केंद्र बनाने की घोषणा की है। यह सब्जी केंद्र बिहार के सभी 534 प्रखंडों में बनाए जाने हैं।

ताजी और सस्ती सब्जियां होगीं उपलब्ध
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहारवासियों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि बिहार के 534 प्रखंडों में आधुनिक सब्जी केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इस योजना से ग्रामीणों को नए रोजगार के अवसर मिलेंगे और शहरवासियों को ताजी और सस्ती सब्जियां सीधे उपलब्ध होंगी। दुर्गा पूजा जैसे पावन अवसर पर यह कदम प्रदेशवासियों के लिए विशेष तोहफे जैसा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पहल से हर घर तक गुणवत्तापूर्ण और शुद्ध सब्जियां पहुंचेंगी और राज्य के 38 जिलों की जनता स्वस्थ एवं सस्ती सब्जियों का लाभ उठा सकेगी।
बिचौलियों की मनमानी होगी खत्म
इस योजना से गाँव और शहर दोनों को फायदा होगा। शहरों के लोगों को ताजी और सस्ती सब्ज़ियाँ मिलेंगी। इससे बिचौलियों की मनमानी खत्म होगी। सरकार सब्जियों की दरें तय करेगी। किसानों को भी अपनी उपज का सही दाम मिलेगा। वे सीधे इन केंद्रों पर अपनी सब्जी बेच सकेंगे।
किसानों को होगा फायदा
मंडी दलालों का दखल कम होने से किसानों की आय निश्चित रूप से बढ़ेगी। सब्जी केंद्रों में आधुनिक कोल्ड स्टोरेज और वेयरहाउस की सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों की सब्जियां लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगी और फसल खराब होने की समस्या कम होगी।
रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे
सरकार की इस पहल से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। सब्जी केंद्रों के संचालन और पैकेजिंग के लिए लोगों की जरूरत होगी। यह केंद्र किसानों को भंडारण में मदद करेंगे। साथ ही, सब्जियों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय बाजार तक पहुँचाने का रास्ता खुलेगा।

