डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक मरीज को एंबुलेंस न मिल पाने की गंभीर घटना पर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित महिला मरीज को शीघ्रता से सदर अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती कराकर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई है। चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
उपायुक्त ने इस लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए सिविल सर्जन को पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। उन्होंने स्पष्टीकरण प्राप्त करने और लापरवाही के लिए उत्तरदायी पदाधिकारियों के दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
उपायुक्त सत्यार्थी ने साफ किया कि किसी भी परिस्थिति में मरीजों को चिकित्सा सुविधा से वंचित रखना अस्वीकार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला प्रशासन स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है और इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रणालीगत सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

