बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बजते ही एनडीए और महागठबंधन दोनों गठबंधनों में सीट बंटवारे को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। चुनाव आयोग ने 6 नवंबर को पहले चरण के मतदान की घोषणा की है, लेकिन अब तक दोनों गठबंधनों में सीट शेयरिंग को लेकर सहमति नहीं बन सकी है।
सूत्रों के मुताबिक, महागठबंधन में सीटों का फॉर्मूला लगभग तय हो गया है। इसमें राजद को 130 से 135 सीटें और कांग्रेस को 55 से 58 सीटें देने पर सहमति बनी है। इसके अलावा वीआईपी को 14 से 18 सीटें और लेफ्ट दलों को 30 से 32 सीटें मिलने की संभावना है। वहीं, जेएमएम को 3 और पशुपति पारस गुट को 2 सीटें राजद अपने खाते से देने पर राजी है।
महागठबंधन की अहम बैठक 8 अक्टूबर को शाम 7 बजे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर बुलाई गई है। इसी बैठक में सीटों के इस फॉर्मूले पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है। बताया जा रहा है कि वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने सीटें कम करने पर सहमति दे दी है, लेकिन वे उपमुख्यमंत्री पद की मांग पर अब भी अड़े हुए हैं।
इधर, कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि “इंडिया गठबंधन में सीटों का बंटवारा आज शाम तक तय हो जाएगा।” उन्होंने बताया कि सभी सहयोगी दलों के बीच सहमति बन रही है। पुनिया ने यह भी स्पष्ट किया कि “राजद तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री चेहरा मान रही है, लेकिन कांग्रेस का तरीका अलग है — हम चुनाव से पहले मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित नहीं करते, बल्कि विधायकों की बैठक के बाद नेता का चयन होता है।”
👉 संभावित सीट फॉर्मूला (महागठबंधन):
राजद: 130–135
कांग्रेस: 55–58
वीआईपी: 14–18
लेफ्ट दल: 30–32
जेएमएम: 3
पशुपति पारस गुट: 2