डिजिटल डेस्क, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना पुलिस ने कुख्यात अंतरराज्यीय अपराधी सौरभ चौधरी उर्फ पूरण चौधरी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूरण कुछ महीने पहले ही जमानत पर जेल से छूटा था और बाहर आते ही फिर से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय हो गया था, विशेषकर व्यापारियों से रंगदारी वसूलने में।
रंगदारी वसूली और आपराधिक सक्रियता
पुलिस को मिली खुफिया जानकारी के अनुसार, पूरण चौधरी अपने साथी देवेंद्र सिंह के साथ मिलकर गोलमुरी, सिदगोड़ा और आसपास के क्षेत्रों में व्यापारियों, दुकानदारों और ठेकेदारों से जबरन वसूली कर रहा था। हालांकि डर की वजह से कोई भी खुलकर शिकायत नहीं कर रहा था। पुलिस की हिरासत में लिए जाने पर पूरण ने हथियार प्राप्त करने और रंगदारी वसूलने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि उसे पिस्तौल और कारतूस देवेंद्र सिंह ने ही उपलब्ध कराए थे। गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन ने बताया कि पूरण पर सीसीए का भी आरोप रहा है और उसकी गतिविधियां पंजाब और चंडीगढ़ में भी रही हैं। पुलिस ने गोलमुरी थाने में उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की है और उसके फरार सहयोगी देवेंद्र सिंह की तलाश कर रही है।
संगीन अपराधों का लंबा इतिहास
पूरण चौधरी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ झारखंड, पश्चिम बंगाल और राजस्थान में 16 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। इन मामलों में हत्या, लूट, रंगदारी, फायरिंग, पुलिस पर हमला और आर्म्स एक्ट के आरोप शामिल हैं। राजस्थान के जयपुर के मुरारीपुरा में भी उस पर हथियार की खरीद-बिक्री का मामला दर्ज है। वह और उसकी बहन भी पहले हथियार सप्लाई करने के मामले में जेल जा चुके हैं। पुलिस को आशंका थी कि लगातार सक्रियता बढ़ा रहा पूरण चौधरी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इस गिरफ्तारी से शहर में रंगदारी वसूलने वाले गिरोह पर नकेल कसने में मदद मिली है। पुलिस अब पूरण चौधरी के सहयोगी और उसके पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।