Bihar: जेडीयू सांसद के बेटे चाणक्य प्रकाश रंजन ने थामा राजद का दामन, तेजस्वी को बताया बड़ा भाई

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में राजनीतिक हलचल तेज हैं। नेताओं की आवाजाही भी खूब हो रही है। इसी बीच जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) को बड़ा झटका लगा है। बांका से पार्टी के सांसद गिरधारी यादव के छोटे बेटे चाणक्य प्रकाश रंजन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की सदस्यता ग्रहण कर ली। उन्होंने तेजस्वी यादव से मुलाकात कर औपचारिक रूप से पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। 

नीतीश की पार्टी को करारा झटका

शुक्रवार को जदयू के कई प्रमुख नेताओं लालू प्रसाद यादव की राष्ट्रीय जनता दल का दामन थाम लिया। बांका से जेडीयू सांसद गिरिधारी यादव के बेटे चाणक्य प्रकाश रंजन के अलावा जदयू छोड़ने वाले नेताओं में दो बार के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा के साथ-साथ जहानाबाद के पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के बेटे और पूर्व विधायक राहुल शर्मा भी शामिल हैं।

चाणक्य प्रकाश के अलावा इन नेताओं ने दिया झटका

पटना में आयोजित कार्यक्रम में तेजस्वी यादव की मौजूदगी में चाणक्य प्रकाश रंजन, जेडीयू के पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा, पूर्व विधायक राहुल शर्मा और लोजपा नेता अजय कुशवाहा ने राजद का दामन थामा। तेजस्वी यादव ने इस मौके पर कहा कि भाजपा ने जदयू को नियंत्रण में ले लिया है और अब पार्टी का अस्तित्व खतरे में है। तेजस्वी ने चाणक्य प्रकाश रंजन की तारीफ में कहा कि वे ऊर्जावान और शिक्षित युवा हैं। इनके जुड़ने से पार्टी को नई दिशा मिलेगी।

बेलहर सीट से चुनाव लड़ सकते हैं चाणक्य प्रकाश

चाणक्य ने लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस से पढ़ाई की है। चाणक्य को बेलहर विधानसभा सीट से आरजेडी का टिकट मिल सकता है। वर्तमान में यहां से जदयू के मनोज यादव विधायक हैं। जदयू सांसद इस सीट पर अपने बेटे को लड़ाना चाह रहे थे। लेकिन उनकी खुद में पार्टी में दाल नहीं गली तो अब बेटे को विपक्षी पार्टी में शामिल करवा दिया है।

जेडीयू सांसद पिता ने कहा- मैं नीतीश के साथ, बेटा स्वतंत्र

इस राजनीतिक घटनाक्रम पर सांसद गिरधारी यादव ने कहा कि मैं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जदयू के साथ हूं, बेटा स्वतंत्र है, उसका अपना निर्णय है। गिरधारी यादव ने यह भी जोड़ा कि वह हमेशा संगठन की नीति और विचारधारा के साथ खड़े हैं। बेटे के इस कदम से जिले में नया राजनीतिक समीकरण उभर आया है। जहां पिता सत्ताधारी दल जदयू में सक्रिय हैं, वहीं बेटा अब विपक्षी दल राजद की तरफ से चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में है।

Share This Article