अंडमान-निकोबार से केरल तक, 20-24 अक्टूबर के बीच भारी बारिश और तूफान का खतरा
भारत में मानसून भले ही लौट चुका हो, लेकिन मौसम का प्रकोप अभी थमा नहीं है। मौसम विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी के ऊपर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के लिए चक्रवात का अलर्ट जारी किया है। इस चक्रवात का असर समुद्री इलाकों के साथ-साथ कई भीतरी राज्यों तक देखने को मिल सकता है।
अंडमान-निकोबार पर पहला असर
:मौसम विभाग ने बताया कि अंडमान-निकोबार में 21, 22 और 23 अक्टूबर को 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। चेतावनी के बाद स्थानीय बंदरगाहों को खाली कराया जा रहा है।
दक्षिण और पश्चिम भारत में खतरा:
अंडमान-निकोबार से शुरू होकर यह चक्रवात केरल में प्रवेश करेगा। 20 से 24 अक्टूबर के बीच तमिलनाडु, केरल और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी है। इन राज्यों में बिजली चमकने और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की संभावना है।
वहीं, पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में भी अगले दो दिनों के दौरान बिजली कड़कने और तूफान की आशंका है।
मध्य और उत्तर भारत में प्रभाव:
ओडिशा, अंडमान-निकोबार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले पांच दिनों के दौरान बिजली गिरने की संभावना है।
उत्तर भारत में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी गरज और बिजली के साथ बारिश होने की चेतावनी है।
मौसम विभाग की चेतावनी:
IMD ने सभी प्रभावित राज्यों से कहा है कि लोग सुरक्षा उपायों को गंभीरता से लें। खासकर समुद्र किनारे और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

