डिजिटल डेस्क। दुमका : दुमका के मुफस्सिल थाना अंतर्गत कारीकादर गांव में गुरुवार की रात सनसनीखेज वारदात हुई। 38 वर्षीय नाश्ते के दुकानदार लखन मंडल की अज्ञात हमलावरों ने उस समय कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी, जब वह अपनी दुकान के बाहर खाट पर सो रहे थे।
हत्या का खुलासा शुक्रवार की सुबह हुआ, जब लखन मंडल की पत्नी लीलावती मंडल उन्हें जगाने आई और खाट पर खून से लथपथ शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
रंजिश के चलते कत्ल का शक
प्रारंभिक जांच और परिजनों के बयान के आधार पर, यह हत्या पुरानी आपसी रंजिश का नतीजा मानी जा रही है। मृतक लखन मंडल पिछले दस वर्षों से गांव से दूर अपनी नाश्ते की दुकान चला रहे थे।
पुलिस को पता चला है कि घटना की शाम पड़ोस के चैनपुर गांव के चार लोग उनकी दुकान पर आए थे। लखन मंडल की इनसे पुरानी दुश्मनी थी। पत्नी लीलावती मंडल ने सीधे तौर पर कालीचरण और लाल चरण राय समेत अन्य पर पति की हत्या का आरोप लगाया है।
हत्यारे फरार, कुल्हाड़ी बरामद
सदर एसडीपीओ विजय महतो ने इस बात की पुष्टि की है कि जिन लोगों पर हत्या का संदेह जताया गया है, वे सभी गांव से फरार हो गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया है। एसडीपीओ ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। लखन मंडल के परिवार में मातम पसरा हुआ है, और गांव में इस नृशंस हत्या के बाद दहशत का माहौल है।

