Bihar: बिहार में बंपर वोटिंग, दोपहर 3 बजे तक 60.40 फीसदी मतदान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में लोकतंत्र के महापर्व में आज दूसरे और आखिरी चरण का मतदान जारी है। पहले चरण की तरह दूसरे चरण में भी लोगों का उत्साह दिख रहा है। दोपहर 3 बजे तक कुल 60.40 फीसदी वोटिंग हुई है। मतदान में सबसे आगे किशनगंज जिला चल रहा है। किशनगंज जिले की सभी सीटों पर कुल 66.10 फीसदी वोटिंग हुई है। वहीं नवादा जिले में सबसे कम 53.17 फीसदी मत पड़े हैं।


किस जिले में कितने फीसदी मतदान

दूसरे चरण में दोपहर तीन बजे ही 60 फीसदी से अधिक लोगों ने मतदान कर दिया है। अब तक 60.40 फीसदी मतदान हुआ है। पश्चिम चंपारण में 61.99%, पूर्वी चंपारण में 61.92%, शिवहर में 61.85%, सीतामढ़ी में 58.32%, मधुबनी में 55.53%, सुपौल में 62.06%, अररिया में 59.80%, किशनगंज में 66.10%, पूर्णिया में 64.22%, कटिहार में 63.80%, भागलपुर में 58.37%, बांका में 63.03%, कैमूर (भभुआ) में 62.26%, रोहतास में 55.92%, अरवल में 58.26%, जहानाबाद में 58.72%, औरंगाबाद में 60.59%, गया में 62.74%, नवादा में 53.17% तथा जमुई में 63.33% मतदान हुआ है।

जीतन राम मांझी ने परिवार संग किया मतदान

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने गया जिले के महकार गांव में अपने परिवार संग मतदान किया। वे अपने परिजनों संग मध्य विद्यालय, महकार पहुंचे, जहां उन्होंने बूथ संख्या 44 पर मतदान किया। मतदान करने के बाद मीडिया कर्मियों से रू-ब-रू होते हुए उन्होंने कहा अब तक जानकारी मिल रही है उसके आधार पर लगभग 80% मतदान एनडीए के ही पक्ष में हुआ है। निश्चित रूप से चुनाव बाद एनडीए की सरकार बनेगी। चुनाव बाद नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव ख्याली पुलाव पका रहे हैं।

रितेश पांडे ने पूरे परिवार के साथ किया मतदान

इधर, भोजपुरी सिंगर और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार रितेश पांडे ने भी अपने परिवार के साथ वोट डाला और बिहार में अपनी पार्टी के प्रमुख मुद्दों पर बात की है। जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार रितेश पांडे ने बातचीत में चुनाव परिणाम से पहले ही पार्टी की बड़ी जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा, इस बार का वोट आप अपने बच्चों के भविष्य के लिए दीजिए और शिक्षा के लिए दीजिए। जन सुराज बिहार जीत रही है और जनता जन सुराज पार्टी को ही वोट दे रही है, क्योंकि जनता को बिहार के भविष्य की चिंता है। हालांकि कुछ जगहों पर मतदान धीमा रहा, लेकिन अब समस्या सुलझ गई है।

Share This Article