डिजिटल डेस्क/कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के कस्बा इलाके में स्थित एक होटल में 33 वर्षीय चार्टर्ड अकाउंटेंट आदर्श लोसलका का खून से लथपथ शव मिलने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बीरभूम जिले के दुबराजपुर निवासी लोसलका का शव 21 नवंबर को होटल के एक कमरे के फर्श पर मिला था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि होटल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच के बाद कमल साहा और धु्रव मित्रा नामक दो आरोपियों को शहर में उनके घरों से पकड़ा गया।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह हत्या का मामला है या गिरफ्तार किए गए दोनों लोगों के साथ हाथापाई के दौरान लोसलका के जमीन पर गिरने से मौत हुई है। प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि आदर्श लोसलका का परिचय एक डेटिंग ऐप के माध्यम से एक महिला से हुआ था। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों लोग शुक्रवार रात को आदर्श लोसलका के होटल में प्रवेश के समय उनके साथ थे। तीनों ने रात करीब 8.30 बजे कस्बा के उक्त होटल में प्रवेश किया था। महिला और दूसरा युवक देर रात करीब 1.30 से 2 बजे के बीच होटल से निकल गए और वापस नहीं लौटे। इसके बाद शनिवार दोपहर में आदर्श का शव कमरे से बरामद हुआ। पुलिस दोनों गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।

