धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने आज केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर धनबाद और झारखंड की बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा की। सांसद ने हाल के दिनों में धनबाद में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी की घटना सहित लगातार बढ़ते आपराधिक मामलों पर गहरी चिंता व्यक्त की।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद में आम जनता असुरक्षा की भावना से गुजर रही है, जबकि राज्य सरकार प्रशासनिक फेरबदल और ट्रांसफर–पोस्टिंग में अधिक व्यस्त दिखाई दे रही है। अपराधियों के बढ़ते मनोबल के बीच सुरक्षा व्यवस्था सवालों के घेरे में है।
ढुलू महतो ने केंद्रीय गृह मंत्री से अनुरोध किया कि
धनबाद में शांति, सुरक्षा और सुशासन को मजबूत करने के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाए, ताकि लगातार बढ़ रहे अपराधों पर सख्त कार्रवाई हो सके और आम नागरिकों में भरोसा वापस लौटे।
धनबाद में बढ़ते अपराधों के बीच ढुलू महतो और अमित शाह की यह मुलाकात राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। आगे केंद्र की ओर से क्या कदम उठाए जाएंगे, इस पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

