जापान के उत्तर-पूर्वी हिस्से में सोमवार देर रात आए 7.5 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। भूकंप के तुरंत बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने 10 फीट ऊंची सुनामी की आशंका जताते हुए चेतावनी जारी की थी, जिसे मंगलवार सुबह बदलकर एडवाइजरी में कर दिया गया। टीवी चैनलों और मोबाइल अलर्ट संदेशों के माध्यम से लोगों को लगातार सतर्क रहने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
समुद्र तटीय इलाकों से भारी संख्या में लोगों का पलायन
भूकंप के बाद समुद्र में लगभग ढाई फीट ऊंची लहरें उठ रही हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र तटीय क्षेत्रों में रह रहे करीब 90,000 लोग सुरक्षित स्थानों पर भेजे गए हैं।
भूकंप से कई घरों, दुकानों और इमारतों को नुकसान पहुंचा है, जिससे लोग बेघर और आर्थिक रूप से प्रभावित हुए हैं।
ट्रांसपोर्ट ठप, लोगों की जिंदगी रुकी
भूकंप के झटकों के बाद ट्रेन और अन्य परिवहन सेवाएँ पूरी तरह बंद कर दी गई हैं।
अब तक 20 से ज्यादा लोग घायल बताए गए हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर है।
कई शहरों में बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से अंधेरा पसरा हुआ है, जिससे बचाव कार्यों में भी चुनौती बढ़ी है।
प्रधानमंत्री साने ताकाइची की अपील — “अगले हफ्ते और बड़ा झटका संभव”
जापान के प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा कि मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार अगले सप्ताह और ज्यादा तीव्रता वाला भूकंप आ सकता है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा:
ऊंचे और सुरक्षित इलाकों में शिफ्ट रहें
समुद्र तटों से दूर रहें
किसी भी आपात स्थिति में कंट्रोल रूम से तुरंत संपर्क करें
सरकार ने सभी प्रभावित शहरों में इमरजेंसी टीमों को तैनात किया है और हर जगह कंट्रोल रूम 24×7 सक्रिय हैं।

