डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जमशेदपुर अभिभावक संघ ने जिला शिक्षा अधीक्षक को एक पत्र लिखकर तत्काल प्रभाव से स्कूलों के समय में बदलाव करने की अपील की है। संघ ने तर्क दिया है कि अत्यधिक ठंड बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकती है।
स्वास्थ्य पर बढ़ते खतरे की चेतावनी
संघ द्वारा जारी पत्र में बताया गया है कि झारखंड राज्य के साथ ही जमशेदपुर शहर में भी शीत लहर का असर है, जिसके कारण कंपकंपी बढ़ गई है। जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 10°C के करीब आ चुका है। पिछले 10 सालों के रिकॉर्ड टूट चुके हैं। आने वाले समय में तापमान के और गिरने की संभावना है। अभिभावक संघ ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि सुबह स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को इस कड़ाके की ठंड से बचाना बेहद ज़रूरी है, ताकि उनके स्वास्थ्य पर कोई विपरीत प्रभाव न पड़े।
स्कूलों के समय में बदलाव का प्रस्ताव
जमशेदपुर अभिभावक संघ ने इन गंभीर बातों को ध्यान में रखते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक से निवेदन किया है कि सभी स्कूलों के संचालन के समय में बदलाव किए जाए। नर्सरी से लेकर कक्षा 05 तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक। कक्षा 06 से लेकर कक्षा 12 तक की कक्षाएं सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक करने की मांग की है। संघ ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन बच्चों के हित को सर्वोपरि रखते हुए इस मांग पर शीघ्र कार्रवाई करेगा।

