बिहार में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। कनकनी लगातार बढ़ती ही जा रही है। दिन और रात के तापमान का अंतर भी घटता रहा है। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहता है, जबकि दिनभर कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है। बिहार के अधिकांश जिले और उत्तर बिहार के पश्चिमी इलाके के जिलों में चार दिनों से लगातार कोल्ड डे बना हुआ है। इससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य के अधिकांश भागों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग ने गया, नालंदा समस्तीपुर, मधुबनी, पटना समेत प्रदेश के 18 जिलों में अनेक स्थानों पर अगले 24 घंटों के दौरान शीत दिवस का अलर्ट जारी किया है।
कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के द्वारा जारी निर्देश के अनुसार आज राज्य के दक्षिण बिहार में ज्यादा ठंड रहने की उम्मीद है इसमें पटना, गयाजी, नालंदा, अरवल और जहानाबाद जिलों में शीत लहर जैसी स्थिति होने की पूरी संभावना है। तो वही राज्य के उत्तर बिहार के कई जिलों में घना कुहासा छाए रहने की संभावना है। इनमें सीतामढ़ी और शिवहर जिले में अत्यधिक कुहासा रह सकती है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों को सावधानी से आवागमन करने की सलाह दिया है। इसके अलावा उत्तर बिहार के अन्य जिलों में भी सुबह 10 से 11 बजे तक घना कोहरा छाए रहने की संभावना है जबकि राज्य के अधिकांश जिलों के कुछ स्थानों में सुबह के समय हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है।
न्यूनतम तापमान में 3-5 डिग्री की गिरावट
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के पश्चिम एवं मध्य जिलों के अनेक स्थानों के न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जबकि शेष भागों में कोई विशेष परिवर्तन दर्ज नहीं किया गया। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि अगले सात दिनों के दौरान प्रदेश का मौसम शुष्क बना रहेगा।
अभी राहत के आसार नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 23 दिसंबर से कोहरे में कुछ कमी आने की संभावना है, हालांकि कोल्ड डे की स्थिति आगे भी बनी रह सकती है। आईएमडी के अनुसार दिसंबर के आखिरी दिनों तक लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा।

