धनबाद | नववर्ष 2026 के अवसर पर धनबाद जिले के विभिन्न धार्मिक, पर्यटन एवं पिकनिक स्थलों पर उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। असामाजिक तत्वों की गतिविधियों, महिलाओं के साथ छेड़छाड़, अभद्र टिप्पणियों एवं कानून-व्यवस्था की संभावित समस्या को रोकने के उद्देश्य से अनुमंडल पदाधिकारी, धनबाद (गोपनीय शाखा) द्वारा विशेष आदेश जारी किया गया है।
25 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक विशेष निगरानी
जारी आदेश के अनुसार 25 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक धनबाद अनुमंडल क्षेत्र के प्रमुख पिकनिक स्थलों पर दंडाधिकारियों/पर्यवेक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इन अधिकारियों के साथ सशस्त्र बल की भी तैनाती की गई है, ताकि शांति-व्यवस्था बनाए रखी जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
इन प्रमुख पिकनिक स्थलों पर तैनात रहेंगे अधिकारी
प्रशासन ने मैथन डैम, पंचेत डैम, तोपचांची झील, लिलोरी स्थान (कतारस), बिरसा मुंडा पार्क, मंईया फॉल (मुनीडीह), शक्ति मंदिर धनबाद, डोंगी पहाड़ी, बिचारी धाम (बाघमारा), गोल्फ ग्राउंड पार्क धनबाद एवं लिलोरी पार्क जैसे प्रमुख स्थलों पर अलग-अलग दंडाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की है।
थाना व प्रखंड स्तर पर समन्वय के निर्देश
प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्त स्थल से संबंधित थाना प्रभारी के साथ समन्वय स्थापित कर विधि-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार नजर रखें। किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
प्रशासन का सख्त संदेश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, अश्लीलता या कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

