बिहार को जल्द ही एक और वंदे भारत एक्सप्रेस मिलने वाली है। बिहार को मिलने वाली अगली वंदे भारत एक्सप्रेस मुजफ्फरपुर से नई दिल्ली के बीच चलेगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि मुजफ्फरपुर से नई दिल्ली के बीच सेमी हाई स्पीड ट्रेन का संचालन किया जाएगा। फिलहाल बिहार से 12 वंदेभारत ट्रेनें चल रही है।

मुजफ्फरपुर के सांसद और केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन चलाने की मांग रखी थी। यह प्रस्ताव मुजफ्फरपुर के सांसद और जल शक्ति राज्य मंत्री डॉ. राजभूषण चौधरी के अनुरोध के बाद आया है।
कम समय में दिल्ली तक की यात्रा
सांसद ने कहा है कि मुजफ्फरपुर और दिल्ली से वंदे भारत शाम को चले और सुबह तक पहुंचे। यानी यात्री कम समय में दिल्ली की यात्रा तय कर पाएंगे। इस ट्रेन के शुरू होने से मुजफ्फरपुर और उत्तरी बिहार के आसपास के इलाकों के यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
पांच से छह घंटे की होगी बचत
वर्तमान में मुजफ्फरपुर जंक्शन और दिल्ली के बीच की यात्रा पारंपरिक ट्रेनों से 18 घंटे से अधिक समय लेती है। सेमी-हाई-स्पीड वंदे भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से यात्रा का समय पांच से छह घंटे कम होने की उम्मीद है, जिससे यात्रियों को एक तेज़ और अधिक आरामदायक विकल्प मिलेगा।

