धनबाद। लाल बहादुर शास्त्री नेशनल एकेडमी ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन (LBSNAA), मसूरी से 2025 बैच के 10 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने आज उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन से शिष्टाचार मुलाकात की।
विंटर स्टडी टूर आईएएस प्रोफेशनल कोर्स का एक महत्वपूर्ण हिस्सा
इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि सभी प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी विंटर स्टडी टूर के तहत धनबाद पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि विंटर स्टडी टूर आईएएस प्रोफेशनल कोर्स का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसके अंतर्गत प्रशिक्षु अधिकारियों को प्राइवेट और पब्लिक सेक्टर के विभिन्न संगठनों से जोड़ा जाता है। साथ ही उन्हें अलग-अलग राज्यों में गुड गवर्नेंस की पहलों से अवगत कराया जाता है, जिससे एक युवा सिविल सेवक के लिए आवश्यक चरित्र और कौशल का विकास होता है।
BCCL के ब्लॉक-2 ओपन कास्ट प्रोजेक्ट सहित फायर प्रोजेक्ट का दौरा
उपायुक्त ने बताया कि इस अध्ययन भ्रमण से प्रशिक्षु अधिकारियों को कॉमर्स एवं इंडस्ट्री, रिसोर्स, फाइनेंस और इकोनॉमी सेक्टर से जुड़े व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त होंगे। उपायुक्त से मुलाकात के बाद सभी प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने जिला खनन पदाधिकारी रितेश राज तिग्गा के साथ बेलगड़िया टाउनशिप का भ्रमण किया। इसके पश्चात उन्होंने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के ब्लॉक-2 ओपन कास्ट प्रोजेक्ट, मुनिडीह अंडरग्राउंड माइंस एवं एना फायर प्रोजेक्ट का भी दौरा किया।
इस दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन, वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालिवाल, प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों के ग्रुप लीडर सिद्धार्थ सिंह, सहायक ग्रुप लीडर आकाश गर्ग तथा प्रशिक्षु आईएएस अधिकारी शोभिका पाठक, ताशी तेनजिन, पेलना वांगचुग, पवित्रा पी, माधव अग्रवाल, दिव्यांक गुप्ता, दीपक कुमार और सोनम नोरबू उपस्थित थे।

