धनबाद – गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर प्रशासन ने कसी कमर, तैयारियों को अंतिम रूप

KK Sagar
4 Min Read

गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में समारोह के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

विभिन्न प्लाटूनों द्वारा परेड व निकाली जाएंगी झांकियां

इस अवसर पर उपायुक्त ने बताया कि पूर्व की भांति जिला स्तरीय मुख्य समारोह शहीद रणधीर प्रसाद वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में आयोजित किया जाएगा। मुख्य समारोह में विभिन्न प्लाटूनों द्वारा परेड तथा विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। उत्कृष्ट कार्य करने वाले सरकारी कर्मी, पुलिस पदाधिकारी, राजस्व कर्मी, पंचायत सेवक एवं जनसेवकों को सम्मानित किया जाएगा।

झांकियों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रस्तुत

उपायुक्त ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि झांकियों के माध्यम से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाए तथा सामाजिक संदेशों को प्रमुखता दी जाए। झांकी प्रदर्शन से पूर्व विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा ड्रिल प्रस्तुत की जाएगी।

20 जनवरी से 24 जनवरी तक परेड का पूर्वाभ्यास

गणतंत्र दिवस समारोह में जिला सशस्त्र बल के दो प्लाटून, झारखंड सशस्त्र बल, एनसीसी बॉयज एवं एनसीसी गर्ल्स, भारतीय स्काउट एवं गाइड, सीआईएसएफ, सीआरपीएफ तथा होमगार्ड के प्लाटून परेड में भाग लेंगे। परेड का पूर्वाभ्यास 20 जनवरी से 24 जनवरी तक किया जाएगा। 24 जनवरी को सुबह 9:30 बजे उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण करेंगे।

26 जनवरी को सुबह 9:00 बजे झंडोत्तोलन

मुख्य समारोह स्थल पर 26 जनवरी को सुबह 9:00 बजे उपायुक्त द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा। इसके बाद समाहरणालय में सुबह 10:30 बजे, मिश्रित भवन में 10:45 बजे उप विकास आयुक्त द्वारा, अनुमंडल कार्यालय में 10:50 बजे अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा, भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी भवन में 11:00 बजे, पुलिस लाइन में 11:10 बजे वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा तथा गांधी सेवा सदन में 11:30 बजे एडीएम लॉ एंड ऑर्डर द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा।

इन विभागों द्वारा निकाली जाएंगी झांकियां

मुख्य समारोह में समाज कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, उत्पाद विभाग, टाटा स्टील जामाडोबा, बीसीसीएल, जिला शिक्षा अधीक्षक (सर्व शिक्षा अभियान), वन विभाग, अग्निशामक विभाग, पुलिस विभाग, डीआरडीए, आईसीडीएस, जनसंपर्क विभाग, आपूर्ति विभाग, गव्य विभाग, धनबाद नगर निगम, जेएसएलपीएस, सहकारिता विभाग, बैंकिंग सुविधाओं से संबंधित अग्रणी जिला प्रबंधक, पीएचडी, परिवहन विभाग एवं जिला उद्योग केंद्र द्वारा आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी।

बैठक में मुख्य समारोह स्थल की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, घेराबंदी, सुरक्षा व्यवस्था, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य अतिथियों एवं मीडियाकर्मियों के बैठने की व्यवस्था, समाहरणालय परिसर, मिश्रित भवन सहित शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विद्युत सजावट को लेकर विभिन्न पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी विकास पालिवाल, अपर समाहर्ता विनोद कुमार, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, एलआरडीसी दिलीप कुमार महतो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी मुकेश कुमार बाउरी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, डीएसपी शंकर कामती, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सुनील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं टाटा स्टील, बीसीसीएल व एमपीएल के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....