डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर : झारखंड के कई हिस्सों समेत जमशेदपुर में ठंड का प्रकोप बढ़ने वाला है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, शहर में 6 जनवरी से 8 जनवरी के बीच कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। इस दौरान रात का न्यूनतम तापमान गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
बता दें कि राज्य में शीतलहर चल रही है, जिसके कारण ठंडी हवाओं से ‘कनकनी’ और बढ़ेगी। 4 जनवरी से ही तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। 4 जनवरी को रात का तापमान 10 डिग्री और 5 जनवरी को 9 डिग्री रहने का अनुमान है।
घना कोहरा और लो-विजिबिलिटी: मौसम विभाग ने शहर में घने कोहरे की आशंका जताई है। इसके कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम रहेगी, जिससे वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। दिन के समय भी पारा गिरने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
मौसम विभाग का अलर्ट
विभाग ने बढ़ती ठंड और कोहरे को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। बीते शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 11 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। सुबह और रात के समय घने कोहरे के कारण यात्रा करते समय विशेष ध्यान रखें और गर्म कपड़ों का उचित प्रयोग करें।

