Bihar: बिहार में बुजुर्गों को घर बैठे मिलेगा इलाज, नीतीश सरकार का बड़ा फैसला

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उम्रदराज और बुजुर्ग लोगों को नए साल पर बड़ा तोहफा दिया है। बिहार सरकार ने बुजुर्गों को बड़ी राहत देते हुए घर बैठे इलाज की सुविधा देने का फैसला किया है। सात निश्चय पार्ट-3 के तहत अब वरिष्ठ नागरिकों को पैथोलॉजी, बीपी, ईसीजी जांच से लेकर इमरजेंसी में डॉक्टर और नर्सिंग सहायता घर पर ही मिलेगी।

सीएम का सोशल मीडिया पोस्ट

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नए साल के तीसरे दिन सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। सीएम ने लिखा, 24 नवंबर 2005 को राज्य में जब से हमलोगों की सरकार बनी तब से न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर चलते हुए हमलोगों ने समाज के सभी वर्ग के लोगों के उत्थान एवं हर क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है। हमलोगों ने पूरे बिहार को अपना परिवार माना है और सबके मान और सम्मान का पूरा ख्याल रखा है। अब राज्य में समाज के हर वर्ग के लोग सम्मान के साथ आसानी से जीवन व्यतीत कर सकें इसे लेकर हमलोगों ने गंभीरता से कार्य प्रारंभ कर दिया है।

‘सबका सम्मान-जीवन आसान’

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि हमलोगों ने वर्ष 2025 से 2030 के लिए राज्य को देश के सर्वाधिक विकसित राज्यों की श्रेणी में शामिल करने हेतु सात निश्चय-3 के कार्यक्रमों को लागू किया है। सात निश्चय-3 के सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ का उद्देश्य राज्य के सभी नागरिकों के जीवन में आने वाली कठिनाइयों को कम करना तथा उनके जीवन को और भी आसान बनाना है।

नर्सिंग सहायता और फिजियोथेरेपी की सुविधा

मुख्यमंत्री ने कहा कि सबसे पहले उनकी कोशिश है कि राज्य के जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को जरूरत के समय उनके घर पर ही अति आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें। इस नई व्यवस्था के तहत बुजुर्गों को उनके घर पर ही पैथोलॉजी जांच, ब्लड प्रेशर मापने और ईसीजी जैसी जरूरी जांच की सुविधा मिलेगी। इतना ही नहीं, जरूरत पड़ने पर डॉक्टर घर पहुंचकर इलाज करेंगे और नर्सिंग सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे उम्रदराज लोगों को समय पर इलाज मिल सकेगा और उनकी परेशानियां कम होंगी।

स्वास्थ्य विभाग को तेजी से काम करने का निर्देश

नीतीश कुमार ने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधित उपरोक्त सभी सुविधाएं उन्हें घर पर ही मिल सकें, इसे लेकर हमलोगों ने स्वास्थ्य विभाग को तेजी से काम करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के वरिष्ठ नागरिकों के जीवन को आसान बनाने के लिए और क्या-क्या सुविधाएं दी जा सकती हैं, इसे चिह्नित किया जाना भी आवश्यक है। इस संबंध में अगर कोई विशिष्ट सुझाव देना चाहते हैं तो अपने बहुमूल्य सुझाव दे सकते हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री की ओर से एक स्कैनर भी उपलब्ध कराया गया है।

Share This Article