बिहार सरकार सीधे जनता से यह पूछ रही है कि उनके जीवन को और आसान कैसे बनाया जाए? अगर आपको पास भी सरकार को देने के लिए कोई सुझाव है, तो फिर देर किस बात की। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ये काम बहुत ही आसान कर दिया है। सीएम नीतीश ने शनिवार को एक QR कोड जारी किया। जिसे स्कैन करके कोई भी नागरिक आसानी से सरकार तक अपने विचार पहुंचा सकता है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया पर पोस्ट जारी कर बताया कि 2005 से उनकी सरकार न्याय के साथ विकास के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार को एक परिवार मानते हुए समाज के हर वर्ग के सम्मान और बेहतर जीवन स्तर के लिए योजनाएं लागू की गई हैं। इसी क्रम में राज्य सरकार ने वर्ष 2025 से 2030 तक के लक्ष्य के साथ सात निश्चय-3 कार्यक्रम शुरू किया है। इसका सातवां निश्चय सबका सम्मान-जीवन आसान आम लोगों की रोजमर्रा की परेशानियों को कम करने पर केंद्रित है।
QR कोड के जरिए सुझाव सीधे सरकार तक
इस पहल के तहत मुख्यमंत्री ने एक QR कोड जारी किया है, जिसे स्कैन कर नागरिक अपनी राय और सुझाव सीधे सरकार तक भेज सकते हैं। QR कोड स्कैन करने पर एक ऑनलाइन फॉर्म खुलता है, जहां लोग सेवाओं, दिक्कतों और आवश्यक सुधारों से जुड़ी बातों को दर्ज कर सकते हैं। साथ ही, जो लोग ऑनलाइन माध्यम का उपयोग नहीं कर पाते, वे ऑफलाइन पत्र के जरिए भी सुझाव भेज सकते हैं।
4 जनवरी तक भेज सकते हैं अपने सुझाव
सरकार ने इस अभियान के लिए 4 जनवरी 2026 तक का समय दिया है। QR कोड स्कैन करने के अलावा पत्र के जरिए भी सुझाव भेजे जा सकते हैं। ऑफलाइन सुझाव इस पते पर भेजें- अपर सचिव, 4 देशरत्न मार्ग, मुख्यमंत्री सचिवालय, पटना – 800001. लोग रोजमर्रा की समस्याओं जैसे प्रमाण-पत्रों की घर डिलीवरी, बुजुर्गों-दिव्यांगों के लिए सरकारी दफ्तरों में आसान पहुंच, पेंशन प्रक्रिया में सुधार या अन्य सुविधाओं पर विचार दे सकते हैं।
पहले से चल रहा QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम
बता दें कि बिहार में QR कोड आधारित फीडबैक सिस्टम पहले से चल रहा है। जैसे ग्रामीण सड़कों पर गड्ढों की शिकायत के लिए बोर्ड पर QR कोड लगाए गए हैं, जहां तस्वीर अपलोड कर सीधे विभाग तक शिकायत पहुंचती है। अब ‘जीवन आसान’ के लिए भी यही तकनीक अपनाई गई है। जाहिर है यह पहल बिहार को विकसित राज्यों की सूची में लाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। सरकार का मानना है कि जनता की भागीदारी से ही सच्चा सुशासन संभव है।

