संवाददाताः- अभिषेक तिवारी
पाकुड़ में 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में पाकुड़ अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी ने शहर के विभिन्न संभावित कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण किया।

अनुमंडल पदाधिकारी ने आरजे स्टेडियम, बैंक कॉलोनी स्थित स्टेडियम, जिदातो मिशन स्कूल सहित उन सभी स्थलों का जायजा लिया, जहां गणतंत्र दिवस समारोह अथवा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मैदान की स्थिति, दर्शक दीर्घा,मंच व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रवेश एवं निकास मार्ग, साफ-सफाई तथा आपातकालीन व्यवस्था का गहन अवलोकन किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने का निर्देश
निरीक्षण के क्रम में आरजे स्टेडियम परिसर में शराबी एवं मनचलों की गतिविधियों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शराबी, असामाजिक तत्वों एवं मनचलों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी के निर्देश
अनुमंडल पदाधिकारी ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थलों के आसपास पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान अंचलाधिकारी अरविन्द बेदिया, नगर थाना के सब-इंस्पेक्टर दिलीप कुमार बास्की सहित पुलिस बल के जवान उपस्थित थे।

