डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: कड़ाके की ठंड और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा फैसला लिया है। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, निजी और अल्पसंख्यक स्कूलों में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक की कक्षाएं 09 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक स्थगित कर दी गई हैं।
सुरक्षा के मद्देनजर लिया गया फैसला
भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान में अगले कुछ दिनों तक तापमान में भारी गिरावट और शीतलहर की चेतावनी दी गई है। बच्चों को कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए जिला प्रशासन ने ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता’ की धारा-163 के तहत यह आदेश जारी किया है।
इन नियमों का करना होगा पालन
यह आदेश 09 जनवरी 2026 से 10 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। जिन स्कूलों में प्री-बोर्ड परीक्षाएं पहले से निर्धारित हैं, वे विद्यालय प्रबंधन अपने विवेक के अनुसार परीक्षा का संचालन कर सकेंगे। सरकारी विद्यालयों के शिक्षकों और गैर-शिक्षण कर्मचारियों को स्कूल आना अनिवार्य होगा। उन्हें eVV (ई-विद्यावाहिनी) पर अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी और विद्यालय के गैर-शैक्षणिक कार्यों का निष्पादन करना होगा। उपायुक्त ने सभी स्कूल प्रबंधनों को इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

