Bihar: जदयू के दही-चूड़ा भोज में शामिल हुए सीएम नीतीश, भाजपा कार्यालय में भी मनी मकर संक्रांति

Reena Sharma
3 Min Read

बिहार में मकर संक्रांति के मौके पर दही-चूड़ा भोज को लेकर सियासत जमकर हो रही है। इस वर्ष मकर संक्रांति के मौके पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से भी दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया। जेडीयू की तरफ से पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक रत्नेश सदा के आवास पर इस भोज का आयोजन किया गया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, रत्नेश सादा के आवास पर जदयू द्वारा आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में शामिल हुए। 

मकर संक्रांति पर राजनीतिक हलचल

मकर संक्रांति के मौके पर बिहार में परंपरा और राजनीति एक बार फिर साथ-साथ नजर आई। दही-चूड़ा भोज के बहाने राजधानी पटना में सत्ता और विपक्ष, दोनों खेमों की राजनीतिक हलचल साफ दिखी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मकर संक्रांति के अवसर पर पटना में पूर्व मंत्री एवं जदयू विधायक रत्नेश सादा के आवास पर जदयू द्वारा आयोजित दही-चूड़ा भोज कार्यक्रम में शामिल हुए।

Advertisement

जदयू के दिग्गजों का जमावड़ा

रत्नेश सादा ने मुख्यमंत्री को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, विधायक श्याम रजक, विधायक शीला कुमारी, विधायक संतोष कुमार निराला, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह उर्फ गांधीजी, राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारीगण, कार्यकर्तागण एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

भोज के बहाने संगठनात्मक मजबूती का प्रदर्शन

विधायक रत्नेश सदा ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर आयोजित इस भोज के लिए भागलपुर का चूड़ा, बेगूसराय का दही, गया का मशहूर तिलकुट और बेतिया का भूरा विशेष तौर पर मंगवाया गया था। यह बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के स्वाद का एक अनूठा संगम था। बड़ी संख्या में जुटे पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के साथ समय बिताया। साफ है, इस भोज के जरिए जदयू ने अपनी संगठनात्मक मजबूती और जमीनी जुड़ाव का प्रदर्शन भी किया।

भाजपा कार्यालय में भी जुटे नेता

इधर, भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी ‘कार्यकर्ता मिलन सह दही-चूड़ा भोज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, मंत्री मंगल पांडेय सहित बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता उपस्थित हैं।

Share This Article