झारखंड में बनेगा डिफेंस कॉरिडोर? रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राज्य सरकार से मांगी इच्छाशक्ति

Manju
By Manju
1 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : झारखंड की औद्योगिक क्षमता को नई उड़ान देने के लिए जमशेदपुर में दो दिवसीय राज्य स्तरीय एमएसएमई कॉन्क्लेव सह डिफेंस एक्सपो का भव्य आगाज हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने झारखंड में डिफेंस कॉरिडोर निर्माण की संभावनाओं पर जोर दिया।

संजय सेठ ने कहा कि झारखंड में प्रचुर खनिज संपदा और जमशेदपुर, रांची व बोकारो जैसे औद्योगिक शहर हैं। अगर राज्य सरकार दृढ़ इच्छाशक्ति दिखाए, तो उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु की तर्ज पर यहां भी डिफेंस कॉरिडोर विकसित हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसके लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, कानून व्यवस्था और सिंगल विंडो सिस्टम को सुदृढ़ करना अनिवार्य है।

मंत्री ने चिंता जताई कि देश के 4 करोड़ एमएसएमई में से केवल 16 हजार ही रक्षा क्षेत्र से जुड़े हैं। प्रधानमंत्री मोदी का लक्ष्य स्टार्टअप्स और छोटे उद्योगों को डिफेंस सेक्टर का हिस्सा बनाना है। उन्होंने राज्य सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विदेश में निवेश ढूंढ रहे हैं, जबकि स्थानीय उद्यमी असुरक्षा के कारण राज्य छोड़ने पर विचार कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण पर भी चिंता व्यक्त की।

Share This Article