नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। भाजपा मुख्यालय के मंच से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन के नाम का आधिकारिक एलान किया गया। नितिन नवीन के नाम का एलान पीएम मोदी की मौजूदगी में किया गया। बीजेपी के राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी डॉ के लक्ष्मण ने नितिन नबीन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की घोषणा की।

नितिन नवीन की राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में घोषणा किए जाने के बाद प्रधानमंत्री ने माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। पीएम मोदी ने नितिन नवीन को भाजपा अध्यक्ष के तौर पर पदभार संभालने के लिए शुभकामनाएं दी।
पीएम मोदी ने नितिन नवीन को दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नितिन नवीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का ये संगठन पर्व देश के कार्यकर्ता केंद्रित सोच का प्रतीक है। पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और जनसेवा-राष्ट्रसेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है। हमने शून्य से शिखर तक का सफर देखा है।’
मैं कार्यकर्ता और नितिन नवीन मेरे बॉस-पीएम मोदी
पीएम मोदी ने भाजपा के सभी पूर्व अध्यक्षों का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा का जितना फोकस संगठन के विस्तार पर है, उतना ही कार्यकर्ता के निर्माण पर भी है। उन्होंने कहा कि मैं मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री भी रहा, लेकिन मैं भाजपा का कार्यकर्ता रहा। उन्होंने कहा कि मैं कार्यकर्ता हूं और नितिन नवीन मेरे बॉस हैं।
जेपी नड्डा ने दी बधाई
पूर्व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने नितिन नवीन को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के तौर पर नितिन नवीन पदभार संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महान पार्टी, जिसे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में जनसंघ के तौर पर आगे बढ़ने का सौभाग्य मिला। इसी को आगे अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे ने भाजपा के तौर पर आगे बढ़ाया। जेपी नड्डा ने कहा कि आज बहुत ही ऐतिहासिक अवसर है, जब दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में हमारे नौजवान, ऊर्जावान, प्रतिभावान नितिन नवीन ये पदभार संभाल रहे हैं।
निर्विरोध अध्यक्ष चुने गए नवीन
नितिन नबीन राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामाकन दाखिल करने वाले एकमात्र उम्मीदवार रहे। उनके पक्ष में 37 नामांकन पत्र दाखिल किए गए, जिनमें प्रधानमंत्री मोदी का प्रस्ताव भी शामिल था। इस तरह उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया गया।

