Bihar: पटना में पुलिस और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे के बीच मुठभेड़, कुख्यात अपराधी परमानंद गिरफ्तार

Neelam
By Neelam
3 Min Read

अंतर्राष्ट्रीय लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे इस बार बिहार पुलिस के निशाने पर आ गए। मसौढ़ी थाना क्षेत्र में लॉरेंस बिश्नोई गैंग और बिहार पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ के दौरान लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक प्रमुख शूटर गिरफ्तार हो गया। बता दें कि बिहार पुलिस की यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ के तहत की गई है।

मसौढ़ी थाना क्षेत्र में देर रात पुलिस और कुख्यात अपराधी परमानंद यादव के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में पुलिस ने परमानंद यादव को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके पास से हथियार भी जब्त कर लिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गुप्त सूचना पर पुलिस का एक्शन

जानकारी अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि लॉरेंस–बिश्नोई गैंग का बिहार प्रभारी परमानंद यादव पटना में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने पहुंचा है। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई और उसकी लोकेशन ट्रेस की गई। सूचना मिली कि वह बुधवार रात मसौढ़ी थाना क्षेत्र के एनएच-22 से गुजरने वाला है।

परमानंद यादव को पैर में लगी गोली

सूचना की पुष्टि होते ही पुलिस ने एनएच-22 पर वाहन जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक पल्सर बाइक आती दिखी। जैसे ही बाइक लाला बीघा गांव के पास पहुंची, पुलिस ने चारों ओर से घेराबंदी कर उसे रुकने का इशारा किया। खुद को घिरा देख परमानंद यादव ने पिस्टल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान एक गोली परमानंद यादव के पैर में लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे काबू में लेकर हथियार बरामद कर लिया

बिहार-झारखंड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग का है शूटर

पुलिस के अनुसार, परमानंद यादव पर पटना समेत बिहार और झारखंड में हत्या, लूट और रंगदारी जैसे 36 से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह झारखंड के लातेहार जिले के चटेर–चंदवा गांव का रहने वाला है और बिहार में अपना आपराधिक नेटवर्क फैलाने की कोशिश कर रहा था। पुलिस के अनुसार, परमानंद बिहार और झारखंड में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की कमान संभालता था। वह गैंग के प्रमुख शूटरों में शुमार है।

Share This Article