कैरव गांधी अपहरण मामला: दस दिन बाद भी बरामदगी नहीं, मध्यस्थता की तलाश में पुलिस

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के सीएच एरिया से अपहृत युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण को दस दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक पुलिस को कोई ठोस सफलता नहीं मिल सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के मामलों में अपहृत की सुरक्षा सर्वोपरि होती है, इसलिए हर कदम बेहद सतर्कता से उठाया जा रहा है।

पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर लगातार जांच कर रही है, लेकिन बताया जा रहा है कि अपहृत के परिजन भी गोपनीयता बरत रहे हैं, जिससे जांच प्रभावित हो रही है। फिलहाल पुलिस ‘वेट एंड वॉच’ की रणनीति पर काम कर रही है।

सूत्रों के अनुसार, अपहरण का मकसद पांच करोड़ रुपये की फिरौती बताया जा रहा है। पुलिस ने बिहार के औरंगाबाद, वैशाली, पटना, मोकामा, मोतीहारी और जमुई में अलग-अलग टीमें तैनात कर छापेमारी शुरू कर दी है। इसके साथ ही पूर्व में जमशेदपुर में हुए अपहरण मामलों में सक्रिय रहे बिहार के गिरोहों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

Advertisement

अपहरण में इस्तेमाल की गई सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार के पंजीयन नंबर के आधार पर वाहन मालिक तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या स्थानीय अपराधियों ने इस अपहरण में सहयोग किया है। मध्यस्थता होते ही मामले में सकारात्मक परिणाम की उम्मीद जताई जा रही है।

Share This Article