Bihar: आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन में बिहार ने रचा इतिहास, रैंकिग में मिला पहला स्थान

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार को सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में आयोजित राष्ट्रीय समीक्षा बैठक में यह घोषणा की गयी।

बिहार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में अपनी स्थिति को मजबूत किया है। प्रदेश के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बयान में बताया गया कि राज्य में नवंबर 2023 में मुख्यमंत्री डिजिटल स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत सभी के लिए बिहार स्वास्थ्य अनुप्रयोग दूरदर्शी योजना (भव्या) नामक एक स्वास्थ्य प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) की शुरुआत की गई थी।

राज्य के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों को जोड़ा गया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देशन और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के मार्गदर्शन में, स्वास्थ्य विभाग के तत्कालीन अपर मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने इस परियोजना को आकार दिया। यह प्रणाली स्वास्थ्य सेवा में एक डिजिटल क्रांति का प्रतीक बन गई है। भव्या प्रणाली के माध्यम से राज्य के सभी 594 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों, जिनमें जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तक शामिल हैं, को एक साथ जोड़ा गया।

कागज रहित स्वास्थ्य प्रणाली स्थापित

बयान में बताया कि इस प्रक्रिया में जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक निरंतर वास्तविक समय निगरानी सुनिश्चित की गई और इससे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एक सुव्यवस्थित और प्रभावी कागज रहित स्वास्थ्य प्रणाली स्थापित हुई।

बिहार अब देश के सर्वोच्च राज्यों में शामिल

विभाग ने बयान में बताया कि इन निरंतर प्रयासों का परिणाम है कि बिहार अब देश के सर्वोच्च राज्यों में शामिल है, जहां सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन अनुरूप ‘भव्या’ का सफल कार्यान्वयन सुनिश्चित किया गया है। बयान के अनुसार, इस पहल के तहत ‘स्कैन एंड शेयर’ में अब तक 5.21 करोड़ टोकन सृजित कर बिहार ने देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया।

बिहार में स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन तेज

इसके अलावा, राज्य में अब तक 6.80 करोड़ आभा पहचान पत्र बनाए गए हैं, जो बिहार के डिजिटल स्वास्थ्य नेटवर्क की सफलता को प्रमाणित करता है। स्वास्थ्य विभाग ने यह भी बताया कि इलेक्ट्रॉनिक हेल्थ रिकॉर्ड (ईएचआर) के निर्माण में बिहार ने देश में चौथा स्थान प्राप्त किया है। इन आंकड़ों से यह स्पष्ट होता है कि बिहार स्वास्थ्य क्षेत्र में डिजिटल परिवर्तन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Share This Article