सोनारी में युवक पर चापड़ से जानलेवा हमला, मोबाइल पर गेम खेलने के दौरान पीछे से वार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: शहर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामला सोनारी थाना क्षेत्र की न्यू कपाली बस्ती का है, जहां 19 वर्षीय कृष्णा नायक पर ‘चापड़’ (तेजधार हथियार) से ताबड़तोड़ हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

पीठ पीछे किया गया हमला

​घायल कृष्णा के भाई युवराज ने बताया कि कृष्णा घर के पास ही बैठकर मोबाइल पर गेम खेल रहा था। इसी दौरान बाबी नामक युवक अचानक पीछे से पहुंचा और चायनीज चापड़ से कृष्णा पर हमला कर दिया। कृष्णा के सिर, कान और पीठ पर गहरे जख्म आए हैं। शोर सुनकर स्थानीय लोगों के जुटने पर हमलावर मौके से फरार हो गया।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल

​परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। घायल युवक के भाई युवराज ने बताया कि जब हमने पुलिसकर्मी उमेश सिंह से पूछा कि आरोपी को क्यों छोड़ा गया, तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।

अस्पताल में भर्ती, कारण अज्ञात

​गंभीर रूप से घायल कृष्णा को आनन-फानन में MGM अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। कृष्णा पेंटर का काम करता है। हमले के पीछे का सटीक कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाया है, हालांकि इसे पुराने विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है।

शहर में बढ़ता ‘चापड़’ कल्चर

​जमशेदपुर में पिछले कुछ समय से ‘चायनीज चापड़’ से हमले की वारदातों में तेजी आई है। पुलिस की ढिलाई और सरेराह हो रहे इन हमलों ने स्थानीय निवासियों की सुरक्षा पर सवालिया निशान लगा दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच की बात कह रही है।

Share This Article