देश का मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। कड़ाके की ठंड और शीतलहर से जूझ रहे लोगों के लिए अब मौसम विभाग (IMD) ने नई चेतावनी जारी की है। सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbances) के कारण उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक अगले 24 से 48 घंटे बेहद अहम रहने वाले हैं। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज-चमक और पहाड़ों पर भारी बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
उत्तर भारत में बिगड़ सकता है मौसम
IMD के अनुसार इस समय एक नहीं बल्कि कई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिसका सीधा असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों पर पड़ रहा है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात से सड़क संपर्क प्रभावित हो सकता है।
मैदानी इलाकों में तेज हवा और ठंड बढ़ने के आसार
पश्चिमी विक्षोभ का असर आगे बढ़ते हुए मैदानी राज्यों में भी दिखेगा। यूपी, बिहार, दिल्ली-NCR, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों में बादल छाने लगेंगे और हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कुछ जगहों पर झोंके 50 किमी प्रति घंटे तक जा सकते हैं। तापमान में गिरावट के साथ रातें ज्यादा सर्द होने की संभावना है।
दिल्ली-NCR में तीन दिन बदला रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में अगले तीन दिनों तक मौसम बदला-बदला रहेगा। आंशिक बादल, सुबह हल्का से घना कोहरा और रात में बहुत हल्की बारिश संभव है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में बारिश और कोहरे का अलर्ट
उत्तर प्रदेश में शीतलहर का असर अभी खत्म नहीं हुआ है। पश्चिमी यूपी में 1-2 फरवरी और पूर्वी यूपी में 2 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। गरज-चमक के साथ कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में फिलहाल राहत, लेकिन कोहरा बढ़ाएगा परेशानी
बिहार में फिलहाल भारी बारिश या शीतलहर की चेतावनी नहीं है। हालांकि सुबह-शाम घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है। न्यूनतम तापमान 5 से 9 डिग्री के बीच रह सकता है।
राजस्थान में ओलावृष्टि का खतरा, फसलों को नुकसान की आशंका
राजस्थान में मौसम सबसे ज्यादा खतरनाक हो सकता है। 31 जनवरी से 1 फरवरी के बीच गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में ओलावृष्टि की आशंका भी जताई गई है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है।
कश्मीर और पहाड़ी इलाकों में भारी हिमपात का अलर्ट
कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। गुलमर्ग, पहलगाम, सोनमर्ग और द्रास जैसे ऊंचाई वाले इलाकों में भारी हिमपात हो सकता है। तापमान शून्य से नीचे जा सकता है और सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं।
IMD की अपील: सतर्क रहें किसान और खुले में काम करने वाले
मौसम विभाग ने खासतौर पर किसानों और खुले में काम करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली गिरने और तेज हवाओं के कारण नुकसान की आशंका है।

