डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर: रेल यात्रियों के लिए एक अच्छी खबर है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टाटा-कटिहार, टाटा-बक्सर और हाई-प्रोफाइल तेजस राजधानी एक्सप्रेस सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव में विस्तार किया है। यह नए बदलाव 10 फरवरी से 15 फरवरी के बीच अलग-अलग तारीखों से लागू होने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि आगामी बंगाल चुनावों के मद्देनजर रेलवे ने इन क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी राहत देने के लिए यह कदम उठाया है।
किन ट्रेनों को मिले नए स्टेशन?
टाटा-बक्सर एक्सप्रेस: 10 फरवरी से अब यह ट्रेन अनारा स्टेशन पर भी रुकेगी। वापसी में बक्सर-टाटा एक्सप्रेस का भी यहां ठहराव होगा।
दीघा-आसनसोल एक्सप्रेस: 15 फरवरी से इस ट्रेन के रूट में कई नए स्टॉपेज जोड़े गए हैं। अब यह चंदनकोना रोड, चतना, ओंडाग्राम और गढ़बेत्ता स्टेशनों पर भी अपनी सेवा देगी। इसके अलावा, यह ट्रेन सालबनी के पास भी रुकेगी।
रांची-गोड्डा एक्सप्रेस: इस ट्रेन के यात्रियों के लिए झालिदा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित किया गया है। रांची-गोड्डा एक्सप्रेस 12 फरवरी से और गोड्डा-रांची एक्सप्रेस 14 फरवरी से यहां रुकना शुरू करेगी।
टाटानगर-कटिहार एक्सप्रेस: 11 फरवरी से इस ट्रेन का नया ठहराव जयचंडीपहाड़ स्टेशन पर तय किया गया है।
तेजस राजधानी एक्सप्रेस: सबसे महत्वपूर्ण बदलाव भुवनेश्वर-नई दिल्ली तेजस राजधानी में हुआ है। 14 फरवरी से यह ट्रेन पुरुलिया स्टेशन पर रुकेगी, जबकि नई दिल्ली-भुवनेश्वर तेजस राजधानी 16 फरवरी से यहाँ अपना ठहराव देगी।
क्यों खास है यह फैसला?
इन नए स्टॉपेज से न केवल स्थानीय यात्रियों को लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए बड़े स्टेशनों तक भागने से निजात मिलेगी, बल्कि छोटे स्टेशनों से यात्रा करने वाले लोगों के लिए कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी। खासकर पुरुलिया और झालिदा जैसे स्टेशनों पर राजधानी और एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र के विकास और सुगम यात्रा के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।

