नगरपालिका चुनाव 2026: नामांकन पत्रों की संवीक्षा पूरी, मानगो और जुगसलाई में कई दिग्गजों के पर्चे खारिज

Manju
By Manju
3 Min Read

डिजिटल डेस्क।जमशेदपुर : नगरपालिका (आम) चुनाव 2026 के लिए नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) का कार्य गुरुवार 5 फरवरी को पूरा हो गया। निर्वाची पदाधिकारियों की जांच के बाद मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत में कई उम्मीदवारों के नामांकन प्रपत्रों में त्रुटियां पाई गई, जिसके चलते उनकी उम्मीदवारी निरस्त कर दी गई है। अब उम्मीदवारों के पास नाम वापसी के लिए कल यानी 6 फरवरी का समय शेष है।

मानगो नगर निगम: महापौर के लिए 13 प्रत्याशी मैदान में
​मानगो नगर निगम में महापौर पद के लिए कुल 16 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था, जिनमें से 3 के नामांकन रद्द कर दिए गए हैं। शबाना बानो, काकोली महतो और अनिता देवी के आवेदन में त्रुटि पाए जाने के कारण उन्हें अयोग्य घोषित किया गया। अब मैदान में सुधा गुप्ता, कुमकुम श्रीवास्तव, जेबा कादरी, शाइसता परवीन उर्फ जेबा खान, बनिता सहाय, राईमुनी सुण्डी, इंदिरा सुन्डी, संध्या सिंह, लक्की सिंह, पार्वती देवी, प्रतिभा रानी, सुशीला सिंह और सोनामुनी सोरेन सहित कुल 13 अभ्यर्थी चुनावी समर में शेष रह गए हैं। वही वार्ड पार्षद पदों की बात करें तो वार्ड संख्या 1 से 36 के लिए कुल 281 आवेदन आए थे, जिनमें से 6 को अयोग्य पाया गया और 275 उम्मीदवार योग्य पाए गए।

जुगसलाई नगर परिषद: अध्यक्ष पद के लिए 1 उम्मीदवार आउट
​जुगसलाई नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए भरे गए नामांकन में से आरती चौधरी का पर्चा निरस्त कर दिया गया है। अन्य 9 उम्मीदवार—जसप्रीत कौर, नौशीन खान, इंदू देवी, नीलूफर हुसैन, नूतन सिंह, डॉली मल्लिक, मुस्सर्रत खातुन, बलबीर कौर और रिंकु सिंह के नामांकन वैध पाए गए हैं। ​वार्ड सदस्य के पदों पर जुगसलाई के 22 वार्डों के लिए कुल 97 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें 5 खारिज कर दिए गए और 92 प्रत्याशी चुनावी दौड़ में बने हुए हैं।

चाकुलिया नगर पंचायत: अध्यक्ष के सभी पर्चे सही
​चाकुलिया नगर पंचायत में अध्यक्ष पद के लिए स्थिति स्पष्ट है। यहां दाखिल किए गए सभी 4 नामांकन पत्र सही पाए गए। चुनावी मैदान में संध्या रानी सरदार, चन्दना मुर्मू, सोमवारी सोरेन और शिलावती टुडू अपनी किस्मत आजमाएंगी।
​हालाँकि, वार्ड पार्षद चुनाव के लिए चाकुलिया के 12 वार्डों में कुल 42 उम्मीदवारों ने पर्चा भरा था, जिनमें से 3 के नामांकन रद्द कर दिए गए और 39 उम्मीदवार योग्य पाए गए।

कल है नाम वापसी का आखिरी दिन
​निर्वाचन आयोग के अनुसार, नाम वापसी की तिथि 6 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी कल सुबह 11 बजे से दोपहर 03 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। इसके बाद प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी और उन्हें चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।

Share This Article