परीक्षा पे चर्चा आज, पीएम मोदी छात्रों से करेंगे संवाद

Neelam
By Neelam
3 Min Read

फरवरी और मार्च का महीना परीक्षाओं का समय होता है। इस दौरान बच्चे पढ़ाई के प्रेशर में रहते हैं। बच्चों को इससे बाहर निकालना अभिभावकों का काम है। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछले कई साल से इस जिम्मेदारी को बड़े ही बेहतरीन ढंग से निभाते आ रहे हैं।

विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से बाहर निकालने और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लोकप्रिय कार्यक्रम ‘परीक्षा पे चर्चा’ का आयोजन आज होने जा रहा है। परीक्षा पे चर्चा का 9वां संस्करण सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस दौरान पीएम मोदी हर साल की तरह बच्चों से संवाद कर उन्हें प्रोत्साहित करेंगे। साथ ही, समझाएंगे कि 10वीं या 12वीं के नंबरों पर ही हर चीज डिपेंड नहीं होती है।

ओटीटी मंचों पर भी उपलब्ध रहेगा

पीएम ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस वर्ष का परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम कई रोचक विषयों को शामिल करेगा। उन्होंने कहा कि यह मंच उन्हें होनहार विद्यार्थियों से संवाद का मौका देता है, जिसे वह हमेशा पसंद करते हैं। परीक्षा पे चर्चा का यह एपिसोड टेलीविजन के साथ-साथ सोनीलिव, प्राइम वीडियो व जी5 जैसे ओटीटी मंचों पर भी उपलब्ध रहेगा।

कितने करोड़ लोग होंगे शामिल?

हर साल की तरह इस बार भी देशभर के छात्र, माता-पिता और शिक्षक इस कार्यक्रम से जुड़ रहे हैं। परीक्षा पे चर्चा 2026 कार्यक्रम ने अपने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। 2026 में इस कार्यक्रम के लिए करीब 6.76 करोड़ लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिनमें करीब 4.5 करोड़ स्टूडेंट्स हैं। इस आंकड़े ने अपने पिछले साल यानी 2025 के गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड 3.53 करोड़ को तोड़ दिया है।

छात्रों के मन से परीक्षा का डर निकालना है उद्देश्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस खास पहल का मकसद छात्रों के मन से परीक्षा का डर निकालना और उन्हें तनावमुक्त करना है। यह आयोजन बच्चों को सिखाता है कि परीक्षा एक सामान्य प्रक्रिया है, कोई बहुत बड़ा बोझ नहीं। यहां प्रधानमंत्री बच्चों के दोस्त बनकर उनसे बात करते हैं।

2018 में हुई थी शुरूआत

इस अनूठी पहल की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 16 फरवरी 2018 को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम से की थी। तब इसमें प्रतिभागियों की संख्या कम थी। आज 9वें साल में यह आंकड़ा बढ़कर करोड़ों पार कर चुका है।

Share This Article