पटना में गंगा किनारे की शाम अब और भी सुहानी होने वाली है। दीघा में अब वाराणसी और गांधी घाट जैसा नजारा दिखेगा। मुख्यमंत्री ने जेपी सेतु के पास पक्के घाट बनाने और भव्य ‘गंगा आरती’ शुरू करने का बड़ा निर्देश दिया है।

वाराणसी की तर्ज पर होगी भव्य गंगा आरती
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को दीघा पर्यटन घाट का सघन निरीक्षण किया। सीएम ने इस दौरान पर्यटन विभाग, पटना जिला प्रशासन और पटना नगर निगम (PMC) के अधिकारियों से गांधी घाट की तरह गंगा किनारे दीघा पाटी पुल घाट पर गंगा आरती शुरू करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनार्दन घाट को विकसित कर इसे एक पक्का घाट बनाया जाए और यहां वाराणसी की तर्ज पर भव्य गंगा आरती की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
केवल सुंदरता नहीं उच्च स्तरीय सुविधाएं भी मिले
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को दीघा घाट पर एक समग्र उद्यान निर्माण का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गंगा किनारे आने वाले पर्यटकों के लिए केवल सुंदरता ही नहीं, बल्कि उच्च स्तरीय बुनियादी सुविधाएं भी होनी चाहिए। इस संबंध में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि गंगा की सैर पर आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यहां की व्यवस्था ऐसी हो कि लोग सपरिवार आकर आनंद उठा सकें।
सिक्स लेन गंगा ब्रिज का भी निरीक्षण
दीघा घाट के बाद मुख्यमंत्री ने जेपी सेतु के समानांतर बन रहे नये सिक्स लेन गंगा ब्रिज के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। इस प्रोजेक्ट को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने निर्माण कार्य को तय समय के भीतर और तेज गति से पूरा करने का निर्देश दिया। बताया जाता है कि इस पुल के शुरू होने से पुराने जेपी सेतु पर यातायात का भारी दबाव कम होगा। यह नया पुल उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को और अधिक सुलभ और तेज बना देगा।

