अगर आपको लग रहा है कि फरवरी के साथ ठंड की विदाई शुरू हो चुकी है, तो यह सोच आपको धोखा दे सकती है। मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि देश के कई हिस्सों में मौसम अचानक करवट लेने वाला है। अगले 24 घंटे में कई राज्यों में बारिश, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसका सीधा असर तापमान पर पड़ेगा और ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक देखने को मिलेगा। इसके चलते ठंडी हवाएं चल सकती हैं, सुबह और रात के समय गलन बढ़ेगी और कई इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है।
बिहार की बात करें तो राज्य में अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाने का अनुमान है। इससे विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है। हालांकि दिन में धूप निकलने से तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी संभव है, लेकिन सुबह और रात में ठंड बरकरार रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड में घना कोहरा और कुछ स्थानों पर पाला पड़ने का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान, उत्तरी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी ठंड बढ़ने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-NCR में धुंध छाने का अनुमान है। यहां न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मौसम साफ रहने के बावजूद AQI खराब श्रेणी में रह सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि हवा की रफ्तार कम और नमी ज्यादा रहने से प्रदूषण का स्तर बढ़ सकता है, जिससे सांस संबंधी दिक्कतें बढ़ने की आशंका है।
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। राज्य में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है और करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। राजस्थान के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश के संकेत मिले हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। कोहरे और खराब मौसम के चलते सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। फ्लाइट और ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई गई है।
कुल मिलाकर, फरवरी की शुरुआत में ही मौसम ने संकेत दे दिए हैं कि ठंड अभी पूरी तरह विदा नहीं हुई है, खासकर बिहार समेत उत्तर भारत के कई राज्यों

