Jamshedpur: 10 हजार से ऊपर बिजली बिल बकाया है तो सावधान, बिना नोटिस कटेगा कनेक्शन

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर :जमशेदपुर सर्किल में बिजली विभाग ने बकाया वसूली के लिए अब तक का सबसे बड़ा अभियान शुरू किया है। बिजली विभाग के महाप्रबंधक अजीत कुमार के ताजा निर्देशों के अनुसार, अब उन सभी उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए जाएंगे जिनका बिल 10,000 रुपये से अधिक हो गया है। विभाग की इस सख्ती से शहर और ग्रामीण इलाकों के बकाएदारों में हड़कंप है।

सीधे कटेगी बिजली, नहीं मिलेगा कोई नोटिस
विभाग ने साफ कर दिया है कि बार-बार अपील के बावजूद भुगतान न करने वालों को अब कोई अतिरिक्त समय या नोटिस नहीं दिया जाएगा। इसके लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं जो घर-घर जाकर सीधे लाइन काटने की कार्रवाई कर रही हैं। विभाग का कहना है कि राजस्व में हो रही भारी कमी के कारण यह कड़ा कदम उठाना अनिवार्य हो गया है।

मोबाइल टावर संचालकों पर 4.33 करोड़ का बोझ
सख्ती की गाज केवल आम जनता पर ही नहीं, बल्कि मोबाइल टावर संचालकों पर भी गिरी है। जमशेदपुर सर्किल में विभिन्न कंपनियों के 81 टावरों पर कुल 4.33 करोड़ रुपये का बिल बकाया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द भुगतान नहीं हुआ तो इन टावरों की बिजली काट दी जाएगी, जिससे क्षेत्र की मोबाइल और इंटरनेट सेवाएं ठप हो सकती हैं।

डिवीजन के अनुसार बकाये का हाल
बकाये के मामले में मानगो डिवीजन सबसे ऊपर है, जहां 36 टावर संचालकों पर करीब 2.22 करोड़ रुपये की देनदारी है। इसके बाद घाटशिला डिवीजन का नंबर आता है, जहां 27 संचालकों के पास 2.03 करोड़ रुपये बकाया हैं। आदित्यपुर डिवीजन में 15 संचालकों पर 5.12 लाख रुपये और जमशेदपुर डिवीजन में 3 संचालकों पर करीब 1.79 लाख रुपये का बिल बाकी है। बिजली विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी तरह की असुविधा और अंधेरे से बचने के लिए तुरंत अपने बकाये का भुगतान कर दें।

Share This Article