‘बिहार में जाति देखकर अपराधियों पर हो रही कार्रवाई’, राजद विधायक भाई वीरेंद्र का गंभीर आरोप

Neelam
By Neelam
3 Min Read

बिहार की नीतीश कुमार सरकार एक बार फिर कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष के निशाने पर है। राष्ट्रीय जनता दल के विधायक भाई वीरेंद्र ने सरकार पर जाति के आधार पर पुलिस द्वारा कार्रवाई करने का आरोप लगाया।

राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग

बिहार विधानसभा परिसर में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्षी दल ने जमकर नारेबाजी की।  विधानसभा पोर्टिको में पोस्टर लेकर विपक्षी सदस्यों ने आरोप लगाया कि सरकार गूंगी बहरी हो गई है। राजद के सदस्यों ने कहा कि नीतीश सरकार हत्या और दुष्कर्म जैसी घटनाओं को रोकने में विफल रही है और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू होना चाहिए। साथ ही आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने पटना में बुधवार को सुबह-सुबह हुए एनकाउंटर को लेकर विवादित बयान दिया है।

जाति और धर्म देखकर एनकाउंटर का आरोप

बिहार में अपराधियों के खिलाफ पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के बीच लगातार हो रहे एनकाउंटर ने अब राजनीतिक मोड़ ले लिया है। बुधवार सुबह पटना सिटी के गायघाट में कुख्यात सूर्या डॉन के एनकाउंटर के बाद, राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार सरकार अपराधियों के नाम पर सिर्फ एक खास जाति और धर्म के लोगों को टारगेट कर रही है।

एक खास समुदाय में डर पैदा करने की कोशिश- भाई वीरेंद्र

भाई वीरेंद्र ने कहा, “राम मर्डर कर रहे हैं, और रहीम को फंसाया जा रहा है। हम भगवान राम की बात नहीं कर रहे हैं। हम एक उदाहरण दे रहे हैं… अगर राम मर्डर करते हैं, तो रहीम को फंसाया जाता है और यहां सरकार रहीम को जेल भेज रही है।” भाई वीरेंद्र के मुताबिक, “यह पूरी प्रक्रिया राजनीति से प्रेरित है और एक खास समुदाय में डर पैदा करने की कोशिश है।”

सिर्फ यादवों और मुसलमानों को टारगेट करने का आरोप

मनेर विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा, “हम अपराधियों के खिलाफ हैं, लेकिन जिस तरह से एनकाउंटर किए जा रहे हैं, वह संदिग्ध है।” भाई वीरेंद्र ने पूछा, “एनकांउटर में सिर्फ यादवों और मुसलमानों को ही क्यों टारगेट किया जा रहा है? हम हर दिन देखते हैं कि फलाना राय, फलाना यादव, फलाना गोप, फलाना खान, फलाना ये, फलाना वो.. क्या इस धरती पर सिर्फ एक ही जाति के लोग अपराधी हैं?”

सरकार पर लगाया अपराधियों को बचाने का आरोप

आरजेडी विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार अपराधियों को बचा रही है। मोकामा, बाढ़ और नालंदा जैसे इलाकों का जिक्र करते हुए भाई वीरेंद्र ने कहा कि “जिन इलाकों में बड़े अपराध हो रहे हैं, वहां पुलिस दखल नहीं दे रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि “सरकार असली अपराधियों को VIP सुरक्षा और राइफल वाले पुलिसवाले देकर बचा रही है, जबकि छोटे-मोटे अपराधियों या एक खास वर्ग के लोगों को एनकाउंटर के नाम पर गोली मारी जा रही है।”

Share This Article