लोकसभा में बजट सत्र के दौरान में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संसद में दिए बयान को लेकर घमासान मचा हुआ है। राहुल गांधी ने बजट सत्र के दौरान बुधवार को सरकार पर देश को बेचने के आरोप लगाए थे। इसी को लेकर बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने राहुल एक प्रस्ताव लाने का नोटिस दिया है।
देश को गुमराह करने का आरोप
बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वह बिना तथ्यों के आरोप लगा रहे हैं। दुबे ने कहा कि उन्होंने लोकसभा में राहुल गांधी के खिलाफ एक प्रस्ताव (मोशन) पेश किया है। उनका आरोप है कि राहुल गांधी ऐसी ताकतों की मदद से देश को गुमराह कर रहे हैं, जो भारत को नुकसान पहुंचाना चाहती हैं।
‘भारत विरोधी तत्वों’ के साथ मिलीभगत का आरोप
भाजपा सांसद ने कहा कि उन्होंने अपने नोटिस में राहुल गांधी के विदेशी दौरों और कथित रूप से सोरोस फाउंडेशन, यूएसएआईडी और फोर्ड फाउंडेशन जैसी संस्थाओं से जुड़े लोगों के साथ संपर्क का उल्लेख किया है। दुबे ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी थाईलैंड, वियतनाम और कंबोडिया जैसे देशों की यात्राओं के दौरान ‘भारत विरोधी तत्वों’ के साथ मिलीभगत करते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई विशेषाधिकार प्रस्ताव नहीं, बल्कि एक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर प्रस्ताव यानी सब्सटेंटिव मोशन है, जिसका उद्देश्य सदन के समक्ष निर्णय या राय व्यक्त करना होता है।
जीवनभर चुनाव लड़ने से रोकने की मांग
भाजपा सांसद ने कहा, मैंने सब्सटेंटिव मोशन का नोटिस दिया है, जिसमें राहुल गांधी की गतिविधियों और विदेशी संगठनों से कथित संबंधों का उल्लेख है। इसके आधार पर उनकी लोकसभा सदस्यता रद्द की जानी चाहिए और उन्हें जीवनभर चुनाव लड़ने से रोका जाना चाहिए।
भारत-अमेरिका डील पर राहुल गांधी का बयान
लोकसभा में केंद्रीय बजट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते को पूरी तरह आत्मसमर्पण करार देते हुए आरोप लगाया कि इस डील के जरिए भारत की ऊर्जा सुरक्षा अमेरिका के हवाले कर दी गई है और किसानों के हितों से समझौता किया गया है। लोकसभा में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राजनीति को मार्शल आर्ट से जोड़ते हुए कहा कि जैसे खेल में ‘ग्रिप’ और ‘चोक’ होती है।

