बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव की मतगणना ने देश की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं। अब तक आए नतीजों के अनुसार Bangladesh Nationalist Party (BNP) ने 151 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। इसके साथ ही यह लगभग तय माना जा रहा है कि पार्टी अध्यक्ष Tarique Rahman के नेतृत्व में नई सरकार बनेगी।
Dhaka Tribune की रिपोर्ट के मुताबिक, इस चुनाव में मतदाताओं ने कट्टरपंथी राजनीति के खिलाफ स्पष्ट संदेश दिया है। Jamaat-e-Islami अब तक 43 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है या बढ़त बनाए हुए है और मुख्य विपक्ष की भूमिका में नजर आ रही है। देशभर से लगातार परिणाम सामने आ रहे हैं और संसद की तस्वीर लगभग साफ होती दिख रही है।
ढाका-17 से तारिक रहमान की अहम जीत
इस चुनाव की सबसे अहम खबर यह रही कि पार्टी अध्यक्ष तारिक रहमान ने ढाका-17 सीट से जीत हासिल की। यह जीत प्रतीकात्मक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि लंबे राजनीतिक संघर्ष और आंदोलनों के बाद हुए इस चुनाव में जनता ने सीधे तौर पर अपना फैसला सुनाया है।
ढाका-17 में तारिक रहमान को 72,699 वोट मिले, जबकि जमात-ए-इस्लामी के उम्मीदवार एस.एम. खालिदुज्जमान को 68,300 वोट प्राप्त हुए। इस तरह रहमान ने 4,399 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।
चुनाव के दिन उन्होंने अधिक से अधिक मतदान की अपील की थी। जीत के बाद उन्होंने कहा कि कोई विक्ट्री रैली नहीं होगी और लोगों से जुमे की नमाज में शामिल होने की अपील की।
NCP के उम्मीदवारों की भी जीत
ढाका-11 सीट से National Citizen Party (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने भी जीत दर्ज की है, जिससे राजधानी में मुकाबला और रोचक हो गया।
ऐतिहासिक रहा चुनाव
यह चुनाव इसलिए भी ऐतिहासिक माना जा रहा है क्योंकि 2024 के जुलाई आंदोलन के बाद पहली बार आम चुनाव और जनमत संग्रह एक साथ कराए गए। लंबे समय से राजनीतिक अस्थिरता झेल रहे देश में इस बार मतदाताओं में खास उत्साह देखा गया।
सुबह 7:30 बजे मतदान शुरू हुआ और लगातार नौ घंटे तक चला। देशभर के 42,659 मतदान केंद्रों पर मतदाताओं ने दो अलग-अलग मतपत्रों के जरिए वोट डाला—एक संसदीय चुनाव के लिए और दूसरा जनमत संग्रह के लिए। 300 में से 299 सीटों पर मतदान हुआ, जबकि एक सीट पर उम्मीदवार की मृत्यु के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया।
मतगणना पर उठे सवाल
चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कुछ दलों ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल भी खड़े किए हैं। NCP ने कई सीटों पर वोटों की गिनती में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। पार्टी के प्रवक्ता Asif Mahmood Shojib Bhuiyan ने देर रात प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दावा किया कि कुछ सीटों पर मीडिया आंकड़ों, मतदान केंद्रों की गिनती और रिटर्निंग अधिकारियों की घोषणाओं में अंतर पाया गया है।
उन्होंने ढाका-13, ढाका-15, ढाका-17, ढाका-19 और ढाका-11 सीटों पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ जगहों पर पूरी गिनती से पहले ही विजेता घोषित कर दिया गया, जबकि कुछ केंद्रों के नतीजे बाद में बदले गए।
वहीं जमात-ए-इस्लामी के नेताओं ने भी परिणाम घोषित करने में देरी का आरोप लगाया है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि कई सीटों पर हस्ताक्षरित परिणाम पत्र होने के बावजूद आधिकारिक घोषणा रोकी गई। ढाका-17 में मतपत्रों में काट-छांट और हजारों वोट कम करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
फिलहाल, चुनाव आयोग की ओर से अंतिम और आधिकारिक परिणामों का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अब तक के रुझानों से बांग्लादेश की राजनीति में सत्ता परिवर्तन लगभग तय माना जा रहा है।

