बेलगड़िया क्षेत्र के निवासियों को प्रशिक्षित कर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टाउनशिप के समीप उद्योग स्थापित किया जाएगा। इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने अपने कार्यालय में आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 500 से 600 युवाओं को प्रशिक्षण देकर उद्योग में रोजगार प्रदान किया जाएगा। इसके लिए लाभार्थियों का एजुकेशन प्रोफाइल पहले से तैयार किया गया है।
उपायुक्त ने कहा कि योजना के पहले चरण में एक छोटा उद्योग स्थापित किया जाएगा। इसके सफल संचालन के बाद आगे चलकर एक बड़ा उद्योग भी लगाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक विस्थापित परिवारों को रोजगार का लाभ मिल सकेगा।
बैठक के दौरान आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि उड़ीसा में कटक-भुवनेश्वर के बीच स्थापित उद्योग में चार से पांच हजार लोगों को रोजगार मिला है। वहीं बिहार के बेगूसराय में भी उनकी एक औद्योगिक परियोजना अंतिम चरण में है, जिसके शुरू होते ही आसपास के हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा।
योजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए उपायुक्त ने जेआरडीए को पुनः एजुकेशन प्रोफाइल का सर्वे कराने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक पात्र लोगों को रोजगार से जोड़ा जा सके।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन, बीसीसीएल के निदेशक (तकनीकी) संजय कुमार सिंह सहित आदित्य बिड़ला ग्रुप, जेआरडीए एवं बीसीसीएल के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

