खटाल की आड़ में चल रहा था अंतरराज्यीय शराब तस्करी का खेल, 13 लाख की स्पिरिट बरामद

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क। जमशेदपुर: जिला उत्पाद विभाग ने पिपरा थाना क्षेत्र के भिथिया गांव में छापेमारी कर एक बड़े अंतरराज्यीय शराब सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक खटाल (डेयरी फार्म) के भीतर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध स्पिरिट बरामद की है और मौके से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

छापेमारी की मुख्य बातें
बरामदगी: कुल 18,880 लीटर कच्चा स्पिरिट (472 गैलन)।

अनुमानित कीमत: सरकारी आंकड़ों के अनुसार करीब 13 लाख रुपये।

गिरफ्तार आरोपी: लव कुमार चंद्रवंशी (मकान मालिक) और प्रमोद कुमार।

सफलता का श्रेय: उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार के नेतृत्व में उत्पाद दल और स्थानीय पुलिस।

ऐसे हुआ तस्करी का खुलासा
उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि नगरपालिका आम चुनाव 2026 के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। सटीक सूचना पर जब पुलिस भिथिया गांव पहुंची, तो आरोपियों ने ‘खटाल’ का बहाना बनाकर टीम को गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, जब घर के अंदर गहन तलाशी ली गई, तो वहां भारी मात्रा में स्पिरिट से भरे गैलन बरामद हुए।

पंजाब से बिहार तक फैला था जाल
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह स्पिरिट पंजाब से एक टैंकर के जरिए लाई गई थी। इसे छोटे गैलनों में भरकर बिहार के औरंगाबाद भेजने की तैयारी थी। इस कच्चे स्पिरिट में पानी मिलाकर बिहार में बेचा जाना था, जो बेहद जानलेवा हो सकता था।

अगली कार्रवाई: विभाग अब उन कड़ियों को जोड़ रहा है जो पंजाब से लेकर बिहार तक इस नेटवर्क को संचालित कर रही हैं। गौरलतब है कि इससे पहले भी नौडीहा बाजार और छतरपुर जैसे इलाकों में अवैध स्पिरिट की बरामदगी हो चुकी है।

Share This Article