बांग्लादेश चुनाव में बड़ी जीत के बाद बांग्लादेश नेशलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के चेयरमैन तारिक रहमान मंगलवार 17 फरवरी को देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के साथ दोनों देशों के रिश्ते पटरी पर आते दिख रहे हैं। दरअसल, रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी शामिल होने के लिए न्योता भेजा गया है।
राष्ट्रपति भवन ने नहीं होगा शपथ ग्रहण
बांग्लादेश में गुरुवार को हुए चुनाव में बीएनपी ने बड़ी जीत हासिल की है। 299 सीटों पर हुए चुनाव में बीएनपी ने 209 सीटें जीती हैं। चुनाव में जीत हासिल करने वाले नए सांसदों को भी 17 फरवरी को शपथ दिलाई जाएगी, जिसे मुख्य चुनाव आयुक्त मैनेज करेंगे। शपथ ग्रहण समारोह परंपरा से अलग इस बार राष्ट्रपति भवन की जगह ढाका के नेशनल पार्लियामेंट कॉम्प्लेक्स के साउथ प्लाजा में होगा।
रहमान के शपथ ग्रहण में इन देशों को न्योता
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रहमान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ समेत 13 देशों के प्रमुखों को न्योता भेजा गया है। जिन देशों को शपथ ग्रहण समारोह के लिए न्योता भेजा गया है, उनके नाम हैं- भारत, चीन, सऊदी अरब, पाकिस्तान, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, श्रीलंका, मालदीव, नेपाल, भूटान, कतर, मलेशिया और ब्रुनेई।
भारत के लिए निमंत्रण का विशेष महत्व
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को रहमान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया गया है। सूत्रों के मुताबिक, यह न्योता शनिवार देर रात भारतीय पक्ष को भेजा गया। पड़ोसी देश की ओर से भारत को निमंत्रण विशेष महत्व रखता है।
पीएम मोदी के ढाका जाने की संभावना कम
हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ढाका जाने की संभावना कम है। दरअसल, उसी दिन मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ पहले से तय कार्यक्रम के कारण उनके शामिल होने की संभावना कम है। 17 फरवरी को मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक करने वाले हैं। मैक्रों, अगले हफ्ते एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आ रहे हैं।

