राजधानी पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत के चर्चित मामले में जांच तेज हो गई है। अब जांच की जिम्मेदारी केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो यानी सीबीआई को सौंपी गई है। नीट छात्र की मौत मामले में जांच कर रही सीबीआई की टीम रविवार को जहानाबाद स्थित छात्रा के पैतृक घर पहुंची।
करीब 4 घंटे तक पूछताछ
पांच गाड़ियों में 20 अफसरों की सीबीआई की टीम छात्रा के घर पहुंची और करीब 4 घंटे तक परिवार के लोगों से जानकारी हासिल की। सुबह लगभग 8:00 बजे से परिजनों से विस्तृत पूछताछ शुरू हुई जो 12 बजे के बाद समाप्त हुई।
अलग-अलग कमरे में लिया गया बयान
सीबीआई अधिकारी प्रिंटर और लैपटॉप साथ लेकर पहुंचे थे। पूछताछ के दौरान घर में मौजूद कुल छह सदस्यों माता-पिता, दादी, भाई, भाई की पत्नी तथा फुआ से अलग-अलग कमरे में बयान लिया गया।
ये सामान अपने साथ ले गई टीम
जानकारी के अनुसार जांच टीम अपने साथ नीट छात्रा की किताबें, कॉपियां, कलम, कपड़े, बैग और यहां तक की उसकी कैंची, एक चाकू और नेल कटर भी ले गई। सीबीआई ने छात्रा के भाई का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। जिसकी कॉल डिटेल और डाटा की जांच की जाएगी। बताया गया है कि सीबीआई टीम के आने से ठीक एक रात पहले बिहार पुलिस की एसआईटी सामान लेने पहुंची थी, लेकिन परिजनों ने उन्हें कुछ भी सामान सौंपने से इनकार कर दिया था।
सीबीआई ने गर्ल्स हॉस्टल में भी की छानबीन
इससे पहले शनिवार को सीबीआई की टीम गर्ल्स हॉस्टल पहुंची थी और वहां भी करीब 3 घंटे तक छात्रा के कमरे की बारीकी से तलाशी ली थी। नीट परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा 6 जनवरी को पटना की गर्ल्स हॉस्टल में बेहोश मिली थी। जिसके बाद 11 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका के परिजन बिहार पुलिस की एसआईटी जांच से संतुष्ट नहीं थे। इसके बाद राज्य सरकार की ओर से 31 जनवरी को सीबीआई जांच की सिफारिश की गई थी। दो दिन पहले सीबीआई ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

