भारत मंडपम में AI की वैश्विक महाकुंभ की शुरुआत, आज पीएम मोदी करेंगे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट का उद्घाटन

KK Sagar
3 Min Read

नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आज (16 फरवरी) से इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट की भव्य शुरुआत हो रही है। इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का उद्घाटन आज शाम पांच बजे नरेंद्र मोदी करेंगे। उद्घाटन समारोह के कारण आज प्रदर्शनी क्षेत्र आम लोगों के लिए बंद रहेगा, जबकि 17 फरवरी से इसे सभी के लिए खोल दिया जाएगा। यह समिट 16 से 20 फरवरी तक चलेगा।

समिट के साथ आयोजित एआई इम्पैक्ट एक्सपो में दुनिया भर की अत्याधुनिक तकनीकों और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित समाधानों का प्रदर्शन किया जा रहा है। यह एक्सपो 70,000 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में फैला है, जिसमें 10 अलग-अलग एरेना बनाए गए हैं। इसमें वैश्विक टेक कंपनियां, स्टार्टअप्स, शोध संस्थान, सरकारी विभाग और अंतरराष्ट्रीय संगठन भाग ले रहे हैं। एक्सपो में 300 से अधिक प्रदर्शनी और लाइव डेमो होंगे, जिन्हें ‘लोग, ग्रह और उन्नति’ जैसे विषयों पर केंद्रित किया गया है।

इस आयोजन में 600 से अधिक स्टार्टअप अपने नए और उपयोगी एआई समाधान पेश करेंगे। साथ ही ऑस्ट्रेलिया, जापान, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन, रूस सहित कुल 13 देशों के पवेलियन बनाए गए हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान 500 से ज्यादा सत्र आयोजित होंगे, जिनमें 3,000 से अधिक विशेषज्ञ और वक्ता एआई के भविष्य, उसके उपयोग और समाज पर पड़ने वाले प्रभावों पर चर्चा करेंगे। अनुमान है कि इस समिट में 25 लाख से अधिक लोग शामिल होंगे।

कड़े सुरक्षा इंतजाम

समिट को देखते हुए दिल्ली में 10,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में एंटी-ड्रोन सिस्टम, एयर डिफेंस सिस्टम और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीमें भी तैनात हैं। कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।

वैश्विक नेताओं की मौजूदगी

इस समिट में तकनीकी विशेषज्ञों के साथ-साथ प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तिगत निमंत्रण पर कई शक्तिशाली देशों के नेता भी शामिल हो रहे हैं। इनमें फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, यूएई के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा और स्पेन के राष्ट्रपति पेड्रो सांचेज शामिल हैं। इसके अलावा भूटान, श्रीलंका, नीदरलैंड, स्विट्जरलैंड और मॉरीशस समेत कई देशों के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भी इस वैश्विक चर्चा का हिस्सा बनेंगे। कुल मिलाकर 45 से अधिक देशों के मंत्री स्तर के प्रतिनिधिमंडल और संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी भारत में मौजूद रहेंगे।

यह समिट भारत को वैश्विक एआई नेतृत्व के केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

Share This Article
उत्कृष्ट, निष्पक्ष, पारदर्शिता और ईमानदारी - पत्रकारिता की पहचान है k k sagar....✍️....