धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टील गेट स्थित सब्जी मंडी में देर रात अचानक भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते 12 से अधिक दुकानें इसकी चपेट में आकर जलकर खाक हो गईं। घटना के बाद मंडी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
आग ने लिया विकराल रूप

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्टील गेट सब्जी मंडी में अचानक उठी आग की लपटों ने कुछ ही देर में भयावह रूप धारण कर लिया। राशन, पूजा सामग्री, सब्जी और अन्य जरूरी सामान से भरी दुकानें एक-एक कर आग की चपेट में आती चली गईं।
संजीव सिंह मौके पर पहुंचे, फायर ब्रिगेड को दी सूचना
आग की सूचना मिलते ही झरिया के पूर्व विधायक सह मेयर प्रत्याशी संजीव सिंह अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। उन्होंने तत्काल फायर ब्रिगेड को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद एक-एक कर चार दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयासों के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका। इस दौरान संजीव सिंह अपने समर्थकों के साथ घटनास्थल पर डटे रहे और हालात पर नजर बनाए रखी।
पुलिस ने संभाली व्यवस्था
सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित करते रहे, ताकि दमकल कर्मियों को आग बुझाने में किसी तरह की बाधा न आए।
पीड़ित दुकानदारों में मातम
घटना के बाद पीड़ित दुकानदारों में मातम जैसा माहौल देखा गया। कई दुकानदारों ने डबडबाई आंखों से बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी चार से पांच बार आग लग चुकी है, जिसमें हर बार 15 से 20 दुकानें जलकर राख हो जाती हैं। लगातार हो रहे नुकसान से उनकी आर्थिक स्थिति बेहद खराब होती जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर लगाए आरोप
दुकानदारों ने आरोप लगाया कि मंडी परिसर के आसपास अवैध शराब की बिक्री के कारण रात में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आगजनी की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और आर्थिक सहायता की मांग की है।
उच्चस्तरीय जांच की मांग
संजीव सिंह ने कहा कि बार-बार आग लगने की घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं। इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए और सभी जनप्रतिनिधियों व प्रशासन को मिलकर पीड़ित दुकानदारों की हरसंभव मदद करनी चाहिए।
आग के कारणों की जांच जारी
फायर ब्रिगेड अधिकारियों के अनुसार आग काफी भयावह थी, लेकिन समय रहते दमकल वाहनों की मदद से उस पर काबू पा लिया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जली दुकानों की संख्या व कुल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

