कोल्हान के नए प्रमंडलीय आयुक्त बने रविरंजन कुमार विक्रम, संभाला 27वें कमिश्नर का पदभार

Manju
By Manju
2 Min Read

डिजिटल डेस्क/जमशेदपुर : भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 2012 बैच के अधिकारी रविरंजन कुमार विक्रम ने सोमवार को चाईबासा पहुंचकर कोल्हान प्रमंडल के 27वें प्रमंडलीय आयुक्त के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया है। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारना और समाज के अंतिम व्यक्ति तक उनका लाभ पहुंचाना है।

आयुक्त ने विशेष रूप से स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था में सुधार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनता के प्रति संवेदनशील बनाया जाएगा ताकि आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े। उनके चाईबासा पहुंचने पर प्रशासनिक अमले ने उनका भव्य स्वागत किया। पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त चंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक अमित रेनू और उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

इस अवसर पर प्रमंडल और जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे, जिनमें आयुक्त के सचिव अजय कुमार साव और सदर अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग टोपनो प्रमुख थे। नए आयुक्त की नियुक्ति से उम्मीद जताई जा रही है कि कोल्हान क्षेत्र में विकास कार्यों में तेजी आएगी और सरकारी तंत्र अधिक सक्रियता से कार्य करेगा।

Share This Article